क्या कर्नाटक में कांग्रेस बदलेगी मुख्यमंत्री? खरगे ने दिया ये जवाब
नई दिल्ली। कर्नाटक में कांग्रेस नेताओं के बीच मुख्यमंत्री के पद को लेकर उड़ रही अफवाहों के बीच सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि ऐसे मामलों पर फैसला पार्टी के आलाकमान को करना है। उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी को भी अनावश्यक समस्या पैदा नहीं करनी चाहिए।
खरगे ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद को लेकर कहा कि यह आलाकमान के हाथ में है। यहां कोई नहीं कह सकता कि वह क्या निर्णय लेगें। उन्होंने कहा कि इस बात को आलाकमान पर छोड़ दिया गया है और आगे की कार्रवाई करने का अधिकार भी उन्हीं को है, लेकिन इस मामले में अनावश्यक रूप से किसी को भी समस्या पैदा नहीं करनी चाहिए।
बता दें कि कर्नाटक में मुख्यमंत्री के पद को लेकर कांग्रेस विधायक एचए इकबाल हुसैन ने कहा था कि अगले दो या तीन महीने में उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को राज्य का मुख्यमंत्री बनने का मौका मिल सकता है। इससे पहले सहकारिता मंत्री केएन राजन्ना ने भी मुख्यमंत्री पद को लेकर भड़काऊ बयान दिया था।
