कोरोना मामलो को देखते हुए पश्चिम बंगाल में नई गाइडलाइन जारी, हरियाणा में नई पाबंदियां

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में कोरोना के बढ़ते मामलो को देखते हुए राज्य सरकार ने प्रतिबंधों के साथ नई गाइडलाइन जारी की है। नई गाइडलाइन में सभी शैक्षणिक संस्थाओं को बंद करने का ऐलान किया है। इसके साथ ही राज्य सरकार ने कार्यालयों को 50 प्रतिशत क्षमता के साथ खोलने की इजाजत दी है।
पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव एच.के. द्विवेदी ने बताया कि राज्य में कल से सभी स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, स्पा, सैलून, ब्यूटी पार्लर, चिड़ियाघर और मनोरंजन पार्क बंद रहेंगे। उन्होंने कहा कि सभी सरकारी और निजी कार्यालय 50% क्षमता के साथ संचालित होंगे, सभी प्रशासनिक बैठकें वर्चुअल माध्यम से आयोजित की जाएंगी।
हरियाणा में भी नई पाबंदियां:
वहीँ देश की राजधानी से सटे हरियाणा में भी कोरोना के बढ़ते मामलो के मद्देनज़र नई पाबंदियां लगाई गई हैं। हरियाणा सरकार में मंत्री अनिल विज ने बताया कि सरकार ने नई पाबंदियां लगाई हैं। ज़िलों को दो हिस्सों में बांटा गया है, जहां ज़्यादा संक्रमण है उनको A कैटेगरी में रखा है उसमें गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, अंबाला, पंचकुला है। यहां बाज़ार 5 बजे बंद हो जाएंगे और सभी दफ़्तर 50% क्षमता के साथ चलेंगे।
उन्होंने कहा कि स्कूल कॉलेज, पॉलिटेक्निक, कोचिंग सेंटर, क्रेच, आंगनबाड़ियों को प्रदेश में बंद किया गया है। बिना वैक्सीन के लोगों को दफ्तर, रेस्टोरेंट, बैंकट हॉल जहां भी लोग इकट्ठा होते हैं वहां पर जाने की इजाज़त बंद कर दी गई है। अगर संक्रमण बढ़ेगा तो सख्तियां बढ़ाई जाएंगी।
देश में पिछले 24 घंटे में आये इतने मामले:
वहीँ भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 27,553 नए मामले आए है और 284 लोगों की मृत्यु हुई। 9,249 लोग डिस्चार्ज हुए। देश में कुल सक्रीय मामलो की संख्या 1,22,801 हो गई है। वहीँ ओमिक्रोन मामलों की संख्या बढ़कर 1,525 हुई।