कांग्रेस की पराजय पर बोले राहुल, “मूल्यों और आदर्शो के लिए लड़ते रहेंगे”

कांग्रेस की पराजय पर बोले राहुल, “मूल्यों और आदर्शो के लिए लड़ते रहेंगे”

नई दिल्ली। पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद कांग्रेस ने अपनी हार स्वीकार कर ली है। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और कांग्रेस का समर्थन करने वाले लोगों के प्रति आभार जताया है।

राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, ‘हम विनम्रता से जनता के आदेश को स्वीकार करते हैं। उन हजारों कार्यकर्ताओं और लाखों लोगों का आभार, जिन्होंने जमीन पर हमारा साथ दिया। हम अपने मूल्यों और आदर्शों के लिए लड़ते रहेंगे। जय हिंद।’

इससे पहले आज कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि पार्टी को जनता का फैसला मंजूर है। उन्होंने कहा कि हम सभी राज्यों के चुनाव परिणामो की समीक्षा करेंगे।

सुरजेवाला ने कहा कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है कि किसी चुनाव में कांग्रेस को पराजय का सामना करना पड़ा है, ऐसा पहले भी कई बार हुआ है लेकिन कांग्रेस में वह शक्ति है कि वह अपनी गलतियों से सीखते हुए फिर से खड़ी हो जाती है।

सुरजेवाला ने कहा कि हम चुनाव परिणामो की समीक्षा से पता करेंगे कि कहां क्या कमी रही और उसे दूर करने के लिए पार्टी में चर्चा करेंगे और भविष्य के लिए पार्टी को तैयार करेंगे।

गौरतलब है कि पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को कड़ी पराजय का सामना करना पड़ा है। पार्टी असम और केरल में अच्छी परफॉर्मेंस की उम्मीद लगाए बैठी थी लेकिन दोनों जगह पार्टी को बड़ी निराशा का सामना करना पड़ा है।

पार्टी को पुडुचेरी में हार का सामना करना पड़ा है। वहीँ पश्चिम बंगाल में वामपंथी दलों के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ी कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला है। हालांकि तमिलनाडु में डीएमके गठबंधन 10 साल बाद राज्य की सत्ता में वापसी करने में सफल रहा है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital