बिहार में पहले चरण का चुनाव आज, पीएम मोदी और राहुल करेंगे दूसरे चरण के लिए रैलियां

बिहार में पहले चरण का चुनाव आज, पीएम मोदी और राहुल करेंगे दूसरे चरण के लिए रैलियां

नई दिल्ली। बिहार में आज विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 16 जिलों की 71 सीटों पर प्रातः 7 बजे मतदान होगा। पहले चरण की 71 सीटों पर 1066 उम्मीदवार मैदान में हैं।

जानकारी के मुताबिक पहले चरण में करीब 2.14 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें से 1.01 करोड़ महिलाएं हैं और 599 थर्ड जेंडर शामिल हैं। पहले चरण के चुनाव में कुल 952 पुरूष और 114 महिलाएं उम्मीदवार हैं।

गया शहर सीट पर सर्वाधिक उम्मीदवार:

सर्वाधिक उम्मीदवार गया शहर सीट पर हैं। यहाँ कुल 27 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीँ बांका जिले की कटोरिया सीट पर सबसे कम पांच उम्मीदवार हैं। पहले चरण की 71 सीटों पर हो रहे चुनाव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जदयू 71 में से 35 सीटों पर चुनाव लड़ रही जबकि उसकी सहयोगी भाजपा 29 सीटों पर चुनावी समर में है। विपक्षी राजद 42 सीटों पर और कांग्रेस 20 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

सरकार के इन मंत्रियों की किस्मत दांव पर:

आज जदयू-बीजेपी सरकार के कई मंत्रियों की किस्मत भी ईवीएम में कैद हो जाएगी। इनमे बिहार के कृषि मंत्री और बीजेपी के नेता डॉ प्रेम कुमार, जेडीयू नेता और बिहार के शिक्षा मंत्री कृष्ण नंदन वर्मा, बीजेपी के नेता और श्रम मंत्री विजय कुमार सिन्हा, बिहार सरकार के अनुसूचित जाति जनजाति कल्याण मंत्री बृजकिशोर बिंद, बिहार सरकार के परिवहन मंत्री और जेडीयू नेता संतोष कुमार निराला, ग्रामीण कार्य मंत्री और जेडीयू नेता शैलेश कुमार, बिहार सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री जय कुमार सिंह और राजस्व मंत्री रामनारायण मंडल के नाम शामिल हैं।

आज ही पीएम मोदी और राहुल की रैलियां:

वहीँ दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज दूसरे चरण के चुनाव वाली सीटों पर प्रचार की शुरुआत करेंगे। पीएम नरेंद्र मोदी दरभंगा, मुजफ्फरपुर और पटना में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे।

वहीँ दूसरी तरफ आज पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी बिहार में मौजूद रहेंगे। वे बिहार की वाल्मीकि नगर और कुशेश्वर स्थान विधानसभा सीट पर रैलियों को संबोधित करेंगे।

बिहार में तीन चरणों में विधानसभा चुनाव कराये जा रहे हैं। पहले चरण के लिए आज 28 अक्टूबर को, दूसरे चरण में 3 नवंबर को 17 जिलों की 94 विधानसभा सीटों पर और तीसरे चरण में 7 नवंबर को 15 जिलों की 78 सीटों पर चुनाव होगा। 10 नवंबर को चुनाव परिणाम घोषित किये जायेंगे।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital