कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए मतदान जारी

कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए मतदान जारी

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है। अध्यक्ष पद के चुनाव में वरिष्ठ कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़के और सांसद शशि थरूर के बीच मुकाबला होना है।

कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में अपना वोट डाला।

कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने दिल्ली में अपना वोट डाला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमारे देश की एकमात्र राजनीतिक दल है जो अपने अध्यक्ष पद के लिए चुनाव कराती है। 137 साल के इतिहास में ये छठीं बार है जहां चुनाव हो रहा है। हमारी भारतीय राजनीति और कांग्रेस पार्टी के लिए ये एक ऐतिहासिक क्षण है।

कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़के ने बेंगलुरु में अपना वोट डाला। मल्लिकार्जुन खड़गे ने मतदान के बाद कहा कि ये हमारे आंतरिक चुनाव का हिस्सा है। हमें मिलकर पार्टी बनानी है। शशि थरूर ने मुझे फोन कर शुभकामनाएं दीं और मैंने भी उन्हें शुभकामनाएं दी है।

कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार ने बेंगलुरु में मीडिया से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव बहुत पारदर्शी तरीके से हो रहा है। हमारे यहां करीब 490 लोग मतदान कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी के लिए यह ऐतिहासिक दिन है।

वहीँ राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जयपुर में मतदान किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि एक तरफ राहुल जी की भारत जोड़ो यात्रा और दूसरी तरफ कांग्रेस अध्यक्ष पद चुनाव दोनों ही अपने-अपने जगह महत्वपूर्ण हैं। बीजेपी जब से सरकार में आई है तब से ये संविधान की धज्जियां उठा रहे हैं..पक्ष के साथ विपक्ष का होना जरूरी है।

कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार शशि थरूर ने तिरुवनंतपुरम में मतदान किया। उन्होंने कहा कि मैं बहुत आश्वस्त हूं। कांग्रेस पार्टी की किस्मत पार्टी कार्यकर्ताओं के हाथ में है। मुझे विश्वास है कि वे जो भी निर्णय लेंगे वह पार्टी के हित में होगा।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital