मतदाता सूची पुनरीक्षण: बिहार में विपक्ष का चक्का जाम, राहुल गांधी पहुंचे पटना
पटना। बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण के चुनाव आयोग के फैसले के खिलाफ आज विपक्ष द्वारा आयोजित चक्का जाम में जगह जगह कांग्रेस, राजद और वामपंथी दलों के कार्यकर्ता सड़क पर उतरे हैं। वहीँ चक्का जाम में शामिल होने के लिए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी पटना पहुंचे हैं।
RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि आज पूरा बिहार बंद है, चुनाव आयोग अपनी विश्वसनीयता पूरी तरह खो चुका है। वोटर लिस्ट से गरीब लोगों के नाम हटाने की बड़े पैमाने पर तैयारी चल रही है, पहले ये नाम हटाए जाएंगे, फिर पेंशन, फिर राशन हटाएंगे, इसी को लेकर महागठबंधन के दलों ने बिहार बंद का ऐलान किया है। इसके साथ ही ट्रेड यूनियनों ने भी बंद का ऐलान किया है, हम उनका समर्थन करते हैं। राहुल गांधी भी इसमें उनका साथ देने आ रहे हैं। चुनाव आयोग एक राजनीतिक दल का प्रकोष्ठ बन गया है। चुनाव आयोग खुद कन्फ्यूज है। हम हर मंच पर लड़ेंगे, चाहे वह सड़क हो, सदन हो या न्यायालय।
NSUI के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार ने बिहार बंद पर कहा, “सड़कों पर उतरे हैं लोकतंत्र की रक्षा के लिए क्योंकि कहा जाता है कि अगर सड़कें सुनी हो जाए तो संसद आवारा हो जाती है इसीलिए सड़कों पर उतरना जरूरी है।”
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ‘बिहार बंद’ के तहत प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ सचिवालय हॉल्ट रेलवे स्टेशन पर रेलवे ट्रैक पर पहुंचे।उन्होंने कहा, “हम चुनाव आयोग को नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने देश के गरीब लोगों की जिंदगी बर्बाद की है…”
