उपेंद्र कुशवाहा ने महागठबंधन छोड़ा, बसपा के साथ मिलकर बनाएंगे गठजोड़

उपेंद्र कुशवाहा ने महागठबंधन छोड़ा, बसपा के साथ मिलकर बनाएंगे गठजोड़

पटना ब्यूरो। बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले एक और नया मोर्चा बनने जा रहा है। सीटों के बंटवारे के मुद्दे पर राष्ट्रीय लोकसमता पार्टी ने महागठबंधन छोड़ने का एलान किया है। पार्टी के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा अब से थोड़ी देर में प्रेस कांफ्रेंस कर इसका विधिवत एलान करेंगे।

रालोसपा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा अब बिहार में बहुजन समाज पार्टी और वीआईपी पार्टी के साथ मिलकर नया गठजोड़ खड़ा करेंगे। सूत्रों की माने तो उपेंद्र कुशवाहा महागठबंधन में मिल रही सीटों की तादाद से संतुष्ट नहीं हैं। इसलिए उन्होंने अलग गठजोड़ बनाने का फैसला लिया है।

सूत्रों ने कहा कि महागठबंधन में पर्याप्त सीटें न मिलने की दशा में उपेंद्र कुशवाहा ने एक बार एनडीए में एंट्री की कोशिश अवश्य की लेकिन उन्हें इसमें सफलता हासिल नहीं हुई। बीजेपी-जेडीयू की तरफ से सकारात्मक जबाव न मिलने के बाद उपेंद्र कुशवाहा के पास नया गठजोड़ बनाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा था।

अब माना जा रहा है कि बिहार में विधानसभा का चुनाव बेहद दिलचस्प हो सकता है। एक तरफ बीजेपी-जेडीयू-हम के गठजोड़ वाला एनडीए है, वहीँ दूसरी तरफ राजद-कांग्रेस और वामपंथियों का महागठबंधन है।

वहीँ दूसरी तरफ चिराग पासवान के नेतृत्व वाली लोकजनशक्ति पार्टी अभी तक तय नहीं कर सकी है कि वह एनडीए के साथ रहेगी या अलग हो कर चुनाव लड़ेगी।

तीसरा गठबंधन जनअधिकार पार्टी, आज़ाद समाज पार्टी,सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी और सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी का गठजोड़ है. चौथा गठबंधन एआईएमआईएम और समाजवादी जनता दल का गठजोड़ है और अब पांचवा गठजोड़ उपेंद्र कुशवाहा बनाने जा रहे हैं।

TeamDigital