रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी का निधन, एम्स में थे भर्ती
नई दिल्ली। केंद्रीय रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी का निधन हो गया है। वे कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद दिल्ली के आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती थे। जहां उनका इलाज चल रहा था। वे 65 वर्ष के थे।
सुरेश अंगडी के निधन की खबर मिलने के बाद भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी के घर पहुंचे।
बेलगावी से चार बार सांसद रहे सुरेश अंगडी के आकस्मित निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। राष्ट्रपति ने सुरेश अंगडी के निधन पर अपनी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, “केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ सांसद श्री सुरेश अंगड़ी के असामयिक निधन के समाचार से स्तब्ध हूं। यह जन-सेवा के क्षेत्र की, विशेष रूप से कर्नाटक के लोगों के लिए एक त्रासद हानि है। मेरी शोक-संवेदना उनके शोकाकुल परिवार, सहकर्मियों और असंख्य सहयोगियों के साथ है।”
वहीँ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि “सुरेश अंगड़ी बेहतरीन कार्यकर्ता थे जिन्होंने कर्नाटक में पार्टी को मजबूत करने का काम किया। वह समर्पित सांसद और प्रभावी मंत्री थे जिनकी हर कोई प्रशंसा करता था। उनका जाना दुखद है। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और मित्रों के साथ हैं। ओम शांति”
सुरेश अगड़ी के निधन पर रेल मंत्री पीयूष गोयल ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि “सुरेश अंगड़ी जी के दुर्भाग्यपूर्ण निधन पर गहरा दुख हुआ। वह मेरे भाई की तरह थे। काम के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और समर्पण को बताने के लिए शब्द कम पड़ जाएंगे। इस दुख की घड़ी में उनके परिवार और मित्रों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। ओम शांति”
गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण के चलते अब तक देश के छह विधायकों और तीन सांसदों का इस बीमारी से निधन हो चुका है। पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का निधन भी कोरोना संक्रमण के कारण हुआ था।
भारत में कोरोना संक्रमण मामलो की तादाद प्रतिदिन तेजी से बढ़ रही है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक देश में कुल कोरोना मामलों की संख्या 5646011 है जिसमें 968377 सक्रिय मामले, 4587614 ठीक/डिस्चार्ज/विस्थापित मामले और 90,020 मौतें शामिल हैं।