विधायकों की खरीद फरोख्त वाले ऑडियो से केंद्रीय मंत्री ने पल्ला झाड़ा

विधायकों की खरीद फरोख्त वाले ऑडियो से केंद्रीय मंत्री ने पल्ला झाड़ा

नई दिल्ली। विधायकों की खरीद फरोख्त से जुड़े वायरल ऑडियो को लेकर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सफाई दी है। शेखावत ने ऑडियो जो फेक बताते हुए कहा कि इसमें मेरी आवाज़ नहीं है।

केंद्रीय मंत्री ने तर्क दिया कि मैं मारवाड़ की भाषा बोलता हूं जबकि ऑडियो टेप में झुंझुनू जैसा टच है। उन्होंने अपनी सफाई में कहा कि ऑडियो में जिस गजेंद्र का जिक्र किया गया है, उसके पद का कोई जिक्र नहीं है और न ही जगह का कोई जिक्र है। ऐसा ऑडियो जोड़-तोड़ कर भी तैयार किया जा सकता है।

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि मैं कई संजय जैन को जानता हूं, इसलिए मुझे बताया जाए कि कौन सा संजय जैन है और उन्होंने मेरे किस मोबाइल नंबर पर बात कराई है।

गौरतलब है कि राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट में चल रहे विवाद के बीच कल तीन ऑडियो वायरल हुए थे। इन ऑडियो क्लिप में 30 विधायकों की खरीद फरोख्त की बातचीत है। ऑडियो में कांग्रेस के निलंबित विधायक भंवरलाल शर्मा, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और दलाल संजय जैन आपस में विधायक खरीद-फरोख्त की बात कर रहे हैं।

इस मामले में कल कांग्रेस की तरफ से शिकायत दर्ज कराई गई है। एसओजी के मुताबिक यह शिकायत महेश जोशी ने दर्ज कराई है। वहीँ कांग्रेस ने इस मामले में एक्शन लेते हुए पायलट समर्थक दो विधायकों को निलंबित कर दिया है।

इससे पहले आज कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस के विधायकों को खरीदने की कोशिश करने वाले केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के खिलाफ तुरंत एक्शन की मांग करते हैं। मोदी सरकार को चाहिए कि उन्हें तुरंत बर्खास्त करे और उनकी गिरफ्तारी की जाए।

सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत इस पूरी साजिश में शामिल हैं। उनपर तुरंत FIR दर्ज होनी चाहिए और गिरफ्तारी की जानी चाहिए। जांच में सामने आना चाहिए कि केंद्र सरकार के कौन से व्यक्ति इस पूरी प्रक्रिया में शामिल हैं।

TeamDigital