कोरोना पर यूएन प्रमुख की चेतावनी ‘हम एक वायरस के साथ युद्ध में हैं और जीत नहीं रहे’

कोरोना पर यूएन प्रमुख की चेतावनी ‘हम एक वायरस के साथ युद्ध में हैं और जीत नहीं रहे’

नई दिल्ली। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने गुरुवार को जी 20 के नेताओं से कहा है, “हम एक वायरस के साथ युद्ध में हैं और जीत नहीं रहे हैं। ” उन्होंने जी 20 नेताओं की वर्चुअल बैठक को बताया कि दुनिया भर में संयुक्त राष्ट्र की संस्थाएं कोविड-19 से लड़ने के लिए सहायता प्रदान करने में लगी हुई हैं। उन्होंने कहा, “इस युद्ध को लड़ने के लिए युद्ध की योजना की जरूरत है।”

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने कहा, “सभी देशों को वायरस के प्रसार को दबाने के उद्देश्य से आवाजाही और संपर्क पर प्रतिबंध के साथ व्यवस्थित परीक्षण, संगरोध और उपचार को संयोजित करने में सक्षम होना चाहिए। और जब तक एक टीका उपलब्ध नहीं हो जाता, तब तक इसे दबाए रखने के लिए रणनीति का समन्वय करना होगा।”

उन्होंने महामारी के सामाजिक और आर्थिक प्रभाव को कम करने के लिए बड़े पैमाने पर प्रोत्साहन और विकासशील देशों को उनकी प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ाने के लिए समर्थन के लिए कहा। गुटेरेस ने उन प्रतिबंधों को उठाने की भी अपील की, जो देशों की महामारी का जवाब देने की क्षमता को कम कर सकते हैं।

जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी की स्टडी रिपोर्ट में भारत को लेकर चेतावनी:

जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी की एक स्टडी रिपोर्ट में बताया गया है कि भारत में कोरोना वायरस का कहर जुलाई अंत या अगस्त के मध्य तक खत्म हो सकता गई। स्टडी रिपोर्ट में कहा गया है कि कोरोना से संक्रमित होकर पूरे देश में सबसे ज्यादा लोग अप्रैल मध्य से लेकर मई मध्य तक अस्पतालों में भर्ती होंगे। फिर जुलाई मध्य तक यह संख्या कम होती चली जाएगी। अगस्त तक इसके खत्म होने की उम्मीद है।

स्टडी रिपोर्ट में एक ग्राफ के ज़रिये बताया गया है कि भारत में करीब 25 लाख लोग इस वायरस की चपेट में आकर अस्पतालों तक जाएंगे। रिपोर्ट में कहा गया है कि कुछ राज्यों में अभी कोरोना संक्रमण के मामले कम दिख रहे हैं लेकिन जैसे ही लॉकडाउन हटेगा या फिर एक-दो हफ्ते बाद मामले सामने आएंगे. तब दिक्कत और बढ़ जाएगी।

स्टडी में बताया गया है कि यह पता नहीं चल पा रहा है कि भारत में कितने लोग संक्रमित हैं क्योंकि कई लोग एसिम्टोमैटिक है। इसका मतलब ये हैं कि कोरोना वायरस से संक्रमित लोग ज्यादा हैं। उनमें कोरोना के लक्षण भी होंगे लेकिन हल्के स्तर के होने के कारण जब वह तीव्र होगा तभी पता चल पाएगा।

जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी की स्टडी में बताया गया है कि बुजुर्गों की आबादी को सोशल डिस्टेंसिंग का ज्यादा ध्यान रखना होगा। जितना ज्यादा लॉकडाउन होगा उतने ही ज्यादा लोग बचे रहेंगे।

स्टडी में कहा गया है कि भारत में करीब 10 लाख वेंटीलेटर्स की जरूरत पड़ेगी लेकिन भारत में अभी 30 से 50 हजार वेंटीलेटर्स ही हैं। अमेरिका में 1.60 लाख वेंटीलेटर्स हैं लेकिन वो भी कम पड़ रहे हैं. जबकि, उनकी आबादी भारत से कम है।

स्टडी रिपोर्ट के मुताबिक भारत में चल रही जांच की प्रक्रिया भी धीमी है क्योंकि जितने ज्यादा जांच होंगे उतने ज्यादा सही परिणाम मिलेंगे। अगर सही तरीके से जांच की जाए तो उन बुजुर्गों को बचाया जा सकेगा जो कोरोना वायरस से संक्रमित हैं।

TeamDigital