प्रियंका गांधी की सुरक्षा में चूक का मामला: तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड
नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की सुरक्षा में चूक के मामले में तीन पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को राज्यसभा में इसकी जानकारी दी।
अमित शाह ने कहा कि तीन पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है तथा इस मामले में उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की सुरक्षा का मामला लोकसभा में कांग्रेस के एक सदस्य द्वारा उठाया गया था।
इससे पहले कांग्रेस ने प्रियंका गांधी की सुरक्षा में चूक को लेकर इस पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से गांधी परिवार की सुरक्षा का पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित करने की मांग की।
इससे पहले मंगलवार को राज्यसभा से भी स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (संशोधित) बिल पास हो गया। यह बिल लोकसभा में पहले ही पास हो चूका है।
राज्यसभा में गृह मंत्री अमित शाह ने एसपीजी बिल पेश करते हुए कहा कि यह सच नहीं है कि हमने केवल गांधी परिवार को ध्यान में रखकर एसपीजी बिल लाया है।
उन्होंने कहा कि इस बिल को लाने से पहले ही खतरे के आकलन करके गांधी परिवार से सुरक्षा वापस ले ली गई थी। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा गांधी परिवार के तीन सदस्यों को उन कर्मियों द्वारा सुरक्षा कवच दिया जा रहा है जो पहले एसपीजी का हिस्सा थे। शाह ने कहा कि सिर्फ गांधी परिवार की सुरक्षा की बात क्यों? गांधी परिवार सहित 130 करोड़ भारतीयों की सुरक्षा सरकार की जिम्मेदारी है।