नए कांग्रेस अध्यक्ष खड़के के सामने हैं ये बड़ी चुनौतियां

नए कांग्रेस अध्यक्ष खड़के के सामने हैं ये बड़ी चुनौतियां

नई दिल्ली। कांग्रेस के नव निर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़के उस वक़्त कांग्रेस की कमान संभाल रहे हैं जब पार्टी के समक्ष पहले से ही कई बड़ी चुनौतियां खड़ी हैं। ऐसे में मल्लिकार्जुन खड़के को न सिर्फ बड़ी चुनौतियों से जूझना होगा बल्कि पार्टी को 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए भी तैयार करना होगा।

अध्यक्ष चुने जाने के बाद पहली बार मीडिया से बात करते हुए मल्लिकार्जुन खड़के ने कहा कि कांग्रेस ने लगातार लोकतंत्र को मजबूत किया, संविधान की रक्षा की। मैं सोनिया गांधी का आभार व्यक्त करता हूं, उन्होंने अपने खून पसीने से पार्टी को सींचा है। सरकार देश में नफरत फैला रही है। पूरा देश राहुल गांधी के संघर्ष से जुड़ रहा है।

ये हैं बड़ी चुनौतियां:

नए अध्यक्ष के तौर पर मल्लिकार्जुन खड़के के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती पार्टी को एकजुट रखना है। पार्टी के अंदर पिछले कुछ समय से चल रहे असंतोष को समाप्त करना होगा। इतना ही नहीं पार्टी में बने G-23 गुट के बाद हाशिये पर गए नेताओं को वापस पार्टी की मुख्यधारा में लाना होगा।

पिछले कुछ समय से राजस्थान में मुख्यमंत्री पद को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस नेता सचिन पायलट के बीच शीत युद्ध चल रहा है और कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव से पहले कांग्रेस विधायक दल की बैठक में विधायकों न आना और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के समर्थक विधायकों द्वारा शक्ति प्रदर्शन किये जाने के बाद पैदा हुई स्थिति पर भी मल्लिकार्जुन खड़के को ऐसा फैसला लेना होगा जिससे पार्टी के अंदर किसी तरह की टूट की गुंजाईश न रहे।

2024 के लोकसभा चुनाव से पहले कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। इस वर्ष हिमाचल प्रदेश और गुजरात में विधानसभा चुनाव होने हैं। वहीँ अगले वर्ष मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान सहित पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होंगे। ऐसे में नए अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़के के समक्ष एक बड़ी चुनौती विधानसभा चुनाव में पार्टी के अच्छे प्रदर्शन की भी है।

मल्लिकार्जुन खड़के के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी के मुकाबले के लिए कांग्रेस को तैयार करना है। लोकसभा चुनाव में गठबंधन करने से लेकर उम्मीदवारों के चयन में मल्लिकार्जुन खड़के की बड़ी भूमिका रहेगी। इसलिए 2024 के लोकसभा चुनाव के परिणाम नए अध्यक्ष की काबिलियत और उसकी कार्यशैली का एक इम्तेहान साबित हो सकते हैं।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital