देश में भाषा पर कोई विवाद नहीं होना चाहिए: क्यू एम नवेद
भोपाल। महाराष्ट्र में मराठी हिंदी विवाद के बीच अहिंसा समाज पार्टी ने शनिवार को कहा कि इस देश में भाषा को लेकर कोई विवाद नहीं होना चाहिए।
पार्टी के राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष क्यू एम नवेद ने कहा कि महाराष्ट्र में जो कुछ हो रहा है वह सिर्फ एक राजनीतिक एजेंडा सेट करने के लिए हो रहा है।
उन्होंने कहा कि इस देश में विभिन्न धर्म के लोग रहते हैं। अनेकता में एकता ही पहचान है। क्षेत्रीय स्तर पर कोई भी भाषा बोली जाती हो लेकिन हिंदी हमारी राष्ट्रीय भाषा है। इस पर कोई विवाद नहीं है।
क्यू एम नवेद ने कहा कि देश के हर नागरिक को अधिकार है कि वह कौन सी भाषा बोले। ये उसका संवैधानिक अधिकार है, जिसे कोई नहीं छीन सकता।
उन्होंने कहा कि हाल ही में देखने में आया है कि कुछ राज्यों में भाषा खासकर हिंदी और क्षेत्रीय भाषा को लेकर विवाद हुए हैं लेकिन ये विवाद सिर्फ राजनीतिक एजेंडों की पूर्ति के लिए पैदा किया गए हैं।
क्यू एम नवेद ने कहा हिंदी बोलने पर अगर किसी राज्य में कोई सवाल करता है तो उस पर कानूनों कार्यवाही होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कोई ताकत देश के किसी नागरिक पर कोई भाषा नहीं थोप सकता।
गौरतलब है कि हाल ही में मुंबई के मीरा रोड पर एक दुकानदार द्वारा मराठी न बोलें जाने पर महाराष्ट्र नव निर्माण सेना के कार्यकर्ताओं ने उसके साथ बदसलूकी और मारपीट की थी।
