क्या तापमान बढ़ने पर खत्म हो जायेगा कोरोना? ICMR ने दी ये जानकारी
नई दिल्ली। देश में प्रतिदिन बढ़ रहे कोरोना संक्रमित मरीजों की तादाद के बीच अब कोरोना संक्रमित लोगों की तादाद बढ़कर 12,759 हो गयी है। वहीँ कोरोना संक्रमण से अब तक देश में 420 लोगों की मौत हो चुकी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में 826 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं और 28 मौतें हुई हैं। पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 12,759 है। इसमें 10,824 सक्रिय मामले, 1,514 ठीक/डिस्चार्ज हुए मामले और 420 मौतें शामिल हैं।
वहीँ तापमान बढ़ने पर कोरोना के खत्म होने की आशंकाओं को लेकर भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के मुख्य महामारी विज्ञानी डॉ रमन आर गंगाखेडकर ने बताया कि अभी तक इस वायरस ने गर्मी का पूरा मौसम नहीं देखा है, इसलिए गर्मी के मौसम में वायरस पर होने वाले प्रभाव को देखा जाएगा।
हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी धारणा है कि गर्मी के मौसम में छींकने पर निकलने वाली छोटी बूंदें जल्दी सूख जाएंगी और इससे संक्रमण का खतरा कम हो जाएगा लेकिन वर्तमान में इस बात के कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं कि तापमान बढ़ने से कोरोना संक्रमण का खतरा कम हो जाएगा। यदि इस बारे में कोई साक्ष्य मिलता है तो हम उसे साझा करेंगे।
डॉ रमन आर गंगाखेडकर ने कहा कि चीन ने 31 दिसंबर के बाद भारत को बताया कि कोरोना वायरस नामक एक बीमारी फैल रही है। इसके बाद देश में एहतियात के तौर पर कदम उठाए गए।
उन्होंने कहा कि आज तक हमने 2,90,401 लोगों का टेस्ट किया है इनमें से 30,043 लोग जिनका टेस्ट कल हुआ, उसमें 26,331 का टेस्ट ICMR नेटवर्क के 176 लैब में हुआ और 3,712 टेस्ट निजी लैब में हुए जिनकी संख्या 78 है।
