बिहार में 100 यूनिट बिजली फ्री मिलने की ख़बर झूठी, सरकार ने कहा ऐसी कोई योजना नहीं
पटना। बिहार में चुनाव से पहले नीतीश सरकार का मास्टर स्ट्रोक बताकर मीडिया में चली एक खबर फ़र्ज़ी साबित हुई है। बिहार में 100 यूनिट बिजली फ्री दिए जाने की एक खबर मीडिया की हैडलाइन बनने के अगले दिन ही सरकार ने इसे फ़र्ज़ी करार दिया है।
शनिवार को बिहार वित्त विभाग ने इस संबंध में प्रेस विज्ञप्ति जारी कर खबर का खंडन किया है। इसके साथ ही विभाग ने लोगों से अपील की है कि भ्रामक खबरों का प्रचार न करें।
वित्त विभाग ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि कतिपय संचार माध्यमों में इस प्रकार की सूचना प्रसारित हो रही है कि वित्त विभाग द्वारा प्रत्येक माह 100 यूनिट मुफ्त बिजली प्रदान किये जाने के प्रस्ताव पर सहमति प्रदान की गई है। इस संबंध में सूचित करना है कि ऐसी कोई सहमति वित्त विभाग द्वारा नहीं दी गयी है और इस संबंध में कोई भी निर्णय वित्त विभाग द्वारा नहीं लिया गया है।
