देशभर में आज से शुरू होगा कोरोना वैक्सीनेशन अभियान

नई दिल्ली। कोरोना वैक्सीन देने के लिए देश में आज से वैक्सीनेशन अभियान शुरू होगा। इस अभियान के पहले चरण में एकीकृत बाल विकास सेवा) कर्मियों समेत सरकारी और निजी क्षेत्र में काम करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन के टीके दिए जाएंगे।
कोरोना वैक्सीन के टीकाकरण अभियान के पहले चरण में तीन लाख से अधिक स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन दी जायेगी। इसके लिए देशभर में 3006 टीकाकरण केंद्र बनाये गए हैं।
आज से शुरू हो रहे कोरोना वैक्सीनेशन अभियान से पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान की तैयारियों की समीक्षा की और स्वास्थ्य मंत्रालय के निर्माण भवन परिसर में बनाए गए विशेष कोविड-19 नियंत्रण कक्ष का जायजा लिया। डा हर्षवर्धन ने कहा कि कोविड-19 के खिलाफ भारत का टीकाकरण अभियान दुनिया में सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान होगा।
शुक्रवार को उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें। कई तरह की गलत जानकारियां देने का प्रयास हो रहा है। दोनों वैक्सीन हमारे वैज्ञानिकों ने तैयार की हैं, उन्हें वैज्ञानिक तरीके से जांचने के बाद ही आपातकालीन उपयोग के लिए स्वीकृति दी गई है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े कोविड के टीकाकरण अभियान की शुरूआत भारत में कल हो रही है। प्रधानमंत्री मोदी जी कल सुबह 10 बजे उसकी औपचारिक शुरूआत करेंगे। हमारी पूरी तैयारी है। कल 3006 स्थानों पर हेल्थ वर्कर्स को कोविड की वैक्सीन मिलनी शुरू होगी।
वहीँ स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक चरणबद्ध तरीके से प्राथमिकता समूह के लोगों को टीके की खुराक दी जाएगी. आईसीडीएस (एकीकृत बाल विकास सेवा) कर्मियों समेत सरकारी और निजी क्षेत्र में काम करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को इस चरण में टीके दिए जाएंगे।
कोरोना वैक्सीनेशन अभियान के पहले चरण के लिए सभी राज्यो और केंद्र शासित प्रदेशो को वैक्सीन की खेप पहुंच चुकी है और शनिवार सुबह 10 बजे से देश के सभी 3006 केन्द्रो पर वैक्सीनेशन का काम शुरू हो जायेगा।