पहलगाम हमले पर देशवासियों को सरकार से ठोस कार्यवाही की उम्मीद: क्यू एम नवेद

पहलगाम हमले पर देशवासियों को सरकार से ठोस कार्यवाही की उम्मीद: क्यू एम नवेद

भोपाल। अहिंसा समाज पार्टी के राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष क्यू एम नवेद ने कहा है कि पहलगाम हमले पर देश के हर नागरिक को सरकार से ठोस कार्यवाही की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि पहलगाम में निर्दोष पर्यटकों की हत्या से देश का हर व्यक्ति दुखी है और वह कार्यवाही के लिए सरकार की तरफ उम्मीद भरी नज़रों से देख रहा है।

मीडिया से बात करते हुए क्यू एम् नवेद ने कहा कि सरकार पाकिस्तान के खिलाफ कूटनीतिक तौर पर कोई भी कदम उठाये उसका स्वागत किया जायेगा। मीडिया में चल रही ख़बरों को लेकर उन्होंने कहा कि आज मीडिया में जिस तरह की ख़बरें दिखाई जाती रही हैं और पहलगाम कोई घटना को मीडिया जिस तरह पेश कर रहा है उससे लोगों के बीच दूरियां बढ़ेंगी।

क्यू एम नवेद ने कहा कि पहलगाम हमला एक आतंकवादी घटना है, इसको हिन्दू मुस्लिम के नज़रिये से नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बड़े अफ़सोस की बात है कि सत्ताधारी पार्टी के कुछ नेता अभी भी हिन्दू मुस्लिम करने से नहीं चूक रहे। उन्होंने कहा कि आतंकवाद को जबरन धर्म से जोड़ने की कोशिश नहीं होनी चाहिए।

क्यू एम नवेद ने कहा कि केंद्र सरकार को चाहिए कि वह मीडिया के लिए गाइडलाइन जारी करे और सोशल मीडिया सहित तमाम मीडिया प्लेटफॉर्म पर अभिव्यक्ति की आज़ादी के नाम पर हो रही धार्मिक निशानेबाज़ी पर लगाम लगाए।

वहीँ सरकार द्वारा पाकिस्तान के खिलाफ उठाये गए अब तक के फैसलों से असहमति जताते हुए क्यू एम नवेद ने कहा कि अगर आतंकवाद को जड़ से खत्म करना है तो पाकिस्तान के खिलाफ कोई ठोस कार्यवाही करनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि कई दशकों से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत पाकिस्तान के आतंकवाद समर्थन का मुद्दा उठाता रहा है लेकिन इसके बावजूद पाकिस्तान अपनी हरकतों को जारी रखे हुए हैं।

अहिंसा समाज पार्टी के राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष क्यू एम नवेद ने कहा कि पाकिस्तान को सबक सिखाने का यह सही समय है और उम्मीद है कि इस बार सरकार कोई ठोस कार्यवाही करेगी।

TeamDigital