हमारे ‘चाचा’ नीतीश कुमार अचेत अवस्था में हैं, नहीं संभाल रहा बिहार: तेजस्वी
पटना। बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने एक बार फिर मुख्यमंत्री नितीश कुमार पर निशाना साधा है। उन्होंने राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की क्षमता पर सवाल उठाये हैं।
तेजस्वी यादव ने कहा, “हम काम करने वाले लोग हैं। हम लोगों ने अपनी 17 महीनें की सरकार में आरक्षण की सीमा बढ़ाई, जाति आधारित जनगणना करवाई। जब हमने 65% आरक्षण किया तो इन्हीं भाजपा के लोगों ने आरक्षण को रोका और कोर्ट जाने का काम किया… अभी भी नीतीश कुमार चुप्पी साधे हुए हैं। अब हमारे ‘चाचा’ नीतीश कुमार अचेत अवस्था में हैं। उनसे बिहार संभाला नहीं जा रहा है। दिन दहाड़े दुष्कर्म हो रहे हैं, गोलियां चल रही हैं लेकिन कार्रवाई किसी पर नहीं हो रही है। बिना रिश्वत दिए कोई काम नहीं हो रहा है… नीतीश कुमार के राज में घूसखोरी एक परंपरा बन चुकी है। सब लोग परेशान हैं, बेरोजगारी से, महंगाई से, गरीबी से, पलायन से। बढ़-चढ़कर कुशवाहा समाज पार्टी से जुड़ रहा है। हमने पहले भी कहा था कि यदि कुशवाहा समाज एक कदम चलेगा तो तेजस्वी यादव चार कदम चलेगा…. हम मिलकर एक ऐसा नया बिहार बनाएंगे जहां बेरोजगारी खत्म हो, महंगाई खत्म हो, गरीबी खत्म हो, भ्रष्टाचार खत्म हो…”
वहीँ इससे पहले उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में एक धार्मिक कथावाचक के साथ कथित तौर पर मारपीट करने और अपमानजनक व्यवहार किए जाने को लेकर बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने बुधवार को कहा कि कथा कहने का हक सभी को है।
तेजस्वी यादव ने पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि सत्ता में जो लोग आज काबिज हैं, वे गोडसे के पुजारी हैं। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अगर ऐसा नहीं है तो वे ‘गोडसे मुर्दाबाद’ बोलकर दिखाएं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कथावाचकों के साथ किस तरह से भेदभाव किया जा रहा है, यह सब लोग देख रहे हैं। कथा कहने का हक सभी को है।
