बिहार में चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण पर TDP ने उठाये सवाल, चुनाव आयोग को लिखा पत्र
नई दिल्ली। बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण मामले में केंद्र में मोदी सरकार को समर्थन दे रही तेलगु देशम पार्टी (टीडीपी) ने सवाल उठाये हैं। इस संदर्भ में टीडीपी सांसद ने चुनाव आयोग को पत्र भी लिखा है।
चंद्रबाबू नायडू की पार्टी ने कहा है कि एसआईआर को नागरिकता सत्यापन का आधार न बनाया जाए। इसे नागरिकता सत्यापन से अलग रखा जाए। टीडीपी सांसद कृष्ण देवरायलु ने इसको लेकर चुनाव आयोग को पत्र लिखा है।
इस चिट्ठी के जरिए उन्होंने एसआईआर पर आपत्ति जताई है तथा कई सुझाव भी दिए हैं। टीडीपी सांसद ने कहा है कि किसी भी राज्य में मतदाताओं को सत्यापन के लिए नहीं कहा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इसकी जिम्मेदारी चुनाव आयोग के अधिकारियों पर होना चाहिए न कि मतदाताओं पर. टीडीपी सांसद ने आगे कहा कि सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों (बूथ स्तर के एजेंटों) को नाम जोड़ने और हटाने के लिए घर-घर जाकर सर्वेक्षण करने में शामिल किया जाना चाहिए।
टीडीपी सांसद कृष्ण देवरायलु ने कहा कि अगर 2029 के चुनावों के लिए आंध्र प्रदेश में एसआईआर शुरू किया जाना है तो इसे तुरंत करें ताकि मतदाताओं के पास पर्याप्त समय हो।
उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश में 2029 तक विधानसभा चुनाव नहीं होने हैं, इसलिए टीडीपी का मानना है कि अगर भविष्य में वहां भी इसकी जरूरत हो तो इसे जल्द शुरू की जाए ताकि वोटरों के पास इसके लिए पर्याप्त समय हो।
टीडीपी सांसद ने कहा कि चुनाव से छह महीने के अंदर वोटर लिस्ट की गहन जांच करवाना ठीक नहीं है। बिहार में चल रहे इस अभियान को नागरिकता वेरिफिकेशन समझा जा रहा है। ऐसे में लोगों में डर का माहौल भी है इसलिए चुनाव और SIR के बीच समय होना चाहिए. आंध्र प्रदेश में 2029 से पहले विधानसभा के चुनाव नहीं होने वाले हैं। ऐसे में वहां जितनी जल्दी हो सके यह प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।
