पंजाब के तीर से यूपी और उत्तराखंड तक निशाना, कांग्रेस ने दलित सीएम बनाकर दिया बड़ा संदेश

पंजाब के तीर से यूपी और उत्तराखंड तक निशाना, कांग्रेस ने दलित सीएम बनाकर दिया बड़ा संदेश

नई दिल्ली। पंजाब में कैप्टेन अमरिंदर सिंह के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद अब चरणजीत सिंह चन्नी राज्य के मुख्यमंत्री होंगे। इससे पहले रविवार को चंडीगढ़ में हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में चरणजीत सिंह चन्नी को पार्टी विधायक दल का नेता चुन लिया गया था।

पंजाब में जिस तरह कैप्टेन अमरिंदर सिंह को मुख्यमंत्री पद से हटाया गया उसके लिए कल पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी की आलोचना हुई थी लेकिन अब पार्टी हाईकमान द्वारा पंजाब में लिए गए फैसले को मास्टर स्ट्रोक कहा जा रहा है।

चरणजीत सिंह चन्नी दलित समुदाय से हैं और वे देश के पहले दलित मुख्यमंत्री होंगे। पंजाब प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष ने चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाये जाने पार पार्टी हाईकमान के फैसले की सराहना की है। सिद्धू ने पार्टी हाईकमान के फैसले को ऐसतिहासिक फैसला बताते हुए कहा कि यह इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा।

वहीँ माना जा रहा है कि पंजाब में दलित सीएम बनाकर कांग्रेस ने एक तीर से कई निशाने साधे हैं। कहा जा रहा है कि पंजाब में कांग्रेस द्वारा लिए गए फैसले का संदेश यूपी और उत्तराखंड तक जाएगा। दोनों ही राज्यों में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में किसी दलित चेहरे को मुख्यमंत्री बनाया जाना दलित मतदाताओं के लिए एक बड़ा संदेश है।

दूसरी तरफ आज पूरे दिन कांग्रेस के कई शीर्ष नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह को मनाने की कोशिश की। पंजाब में नया मुख्यमंत्री चुने जाने के बाद प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत ने कहा कि ‘नए मुख्यमंत्री का नाम कल ही तय हो गया था। पार्टी चरणजीत सिंह चन्नी के नाम पर पहले से एकजुट थी। हमारा प्रयास है कि मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण में कैप्टन अमरिंदर सिंह भी आए, यह तय उन्हें करना है कि वे आ रहे है कि नहीं?’

इतना ही नहीं हरीश रावत ने कहा कि हमने उनसे(कैप्टन अमरिंदर सिंह) अभी बात करने की कोशिश की थी। हम कल सुबह भी उनसे बातचीत करेंगे। हमारे विधायक चाहते हैं कि राज्य में दो उपमुख्यमंत्री हो। कुछ नामों पर चर्चा हुई है। हम दो उपमुख्यमंत्रियों के नाम जल्द बताएंगे।

नए मुख्यमंत्री को राहुल गांधी ने दी बधाई:

इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पंजाब के मनोनीत मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को बधाई दी। एक ट्वीट में उन्होंने कहा है कि, ”चरणजीत सिंह चन्नी को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई। हमें पंजाब के लोगों से किए गए वादों को पूरा करना जारी रखना चाहिए। उनका विश्वास सर्वोपरि है।”

सोमवार को शपथ लेंगे चन्नी:

पंजाब का मुख्यमंत्री चुने जाने के बाद चरणजीत सिंह चन्नी कल राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि कल 5 बजे कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई। सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से जो फैसला लिया उस बारे में आज राज्यपाल के सामने दावा पेश किया। कल 11 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा। इसके बाद पार्टी अध्यक्ष और नेता संबोधित करेंगे।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital