बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे को सुप्रीमकोर्ट की कड़ी फटकार, CJI पर की थी टिप्पणी
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने भाजपा नेता निशिकांत दुबे को अदालत और चीफ जस्टिस को लेकर दिए गए बयानों पर फटकार जमकर लगाई है।
गौरतलब है कि झारखंड के गोड्डा से बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कहा था कि इस देश में जितने गृह युद्ध हो रहे हैं, उसके जिम्मेदार सिर्फ चीफ जस्टिस संजीव खन्ना है। देश में धार्मिक युद्ध भड़काने के लिए सुप्रीम कोर्ट जिम्मेदार है।
हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने निशिकांत दुबे के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई शुरू करने से तो इंकार किया, लेकिन भाजपा सांसद के इस बयान पर कोर्ट ने उन्हें जमकर लताड़ लगाई।
देश की सर्वोच्च अदालत ने अपने आदेश में
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के बयान को बेहद ग़ैर जिम्मेदाराना, बकवास करार दिया है।
आदेश में कहा गया है कि निशिकांत दुबे का बयान कोर्ट पर आरोप लगाकर लोगों को ध्यान खींचने की कोशिश है। यह बयान अदालत की गरिमा को गिराने वाला है। यह बयान यह भी दर्शाता है कि निशिकांत दुबे को इस बात की जानकारी नहीं है कि संवैधानिक कोर्ट किस तरह काम करते हैं।
अदालत ने कहा कि कोर्ट फूल की तरह इतना कोमल नहीं है कि इस तरह के उटपटांग बयानों से मुरझा जाए। हमें नहीं लगता कि इस तरह के बेतुके बयानों के चलते न्यायपालिका में लोगों का विश्वास कम हो जाएगा । हालांकि, निशिकांत दुबे के बयान के जरिए ऐसा करने की कोशिश जरूर हुई है।
