कमलनाथ सरकार के बहुमत परीक्षण को लेकर सुप्रीमकोर्ट में सुनवाई जारी
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश में कमलनाथ सरकार को बचाने की कवायद के तहत जहाँ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह तथा अन्य नेता आज बेंगलुरु पहुंचे हैं वहीँ दूसरी तरफ म.प्र. विधानसभा में भाजपा द्वारा फ्लोर टेस्ट करवाने की याचिका पर सुप्रीमकोर्ट में सुनवाई चल रही है।
सुप्रीमकोर्ट में सुनवाई के दौरान मध्य प्रदेश कांग्रेस विधायकों के वकील दुष्यंत दवे ने अदालत को बता कि ‘आज हम एक अजीबोगरीब स्थिति में हैं। म.प्र. की जनता ने कांग्रेस पर भरोसा दिखाया था। उस दिन सबसे बड़ी पार्टी ने विश्वास मत जीता था।’
उन्होंने कहा कि ‘एक बहुत ही स्थिर सरकार 18 महीनों से काम कर रही थी। उन्होंने न्यायालय को यह भी बताया कि भाजपा ने बल का इस्तेमाल किया है और वह लोकतांत्रिक सिद्धांतों को नष्ट कर सकती है।’
इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने मध्य प्रदेश कांग्रेस विधायक मनोज चौधरी के भाई द्वारा उनकी रिहाई की मांग वाली याचिका पर सुनवाई से इनकार कर दिया है। उनके भाई के अनुसार मनोज को अन्य विधायकों के साथ भाजपा सदस्यों और कर्नाटक की राज्य पुलिस ने जबरदस्ती कैद में रखा था।
वहीँ मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भोपाल में कहा कि ‘पिछले 15 महीनों में हमने कई बार बहुमत साबित किया है। अगर कोई सड़क पर खड़ा होकर कहता है कि आपका बहुमत नहीं है तो आप (भाजपा) अविश्वास प्रस्ताव लाइए। मुझे पता नहीं दिग्विजय सिंह क्या कर रहे हैं। अगर जरूरत पड़ी तो मैं भी बेंगलुरू जाऊंगा।’
मध्यप्रदेश की कमलनाथ सरकार में मंत्री पी.सी. शर्मा ने कहा कि ‘दिग्विजय सिंह राज्यसभा के उम्मीदवार हैं,कांग्रेस के जो विधायक बंधक हैं उनसे मिलने का उन्हें अधिकार है। संविधान को खत्म करने की कोशिश की जा रही है। ऐसा लगता है कि केंद्र सरकार भी इसमें मिली हुई है, कर्नाटक सरकार तो मिली ही हुई है।’
वहीँ बागी विधायकों से मिलने बेंगलुरु पहुंचे दिग्विजय सिंह ने कहा कि ‘मैं मध्य प्रदेश से राज्यसभा का उम्मीदवार हूं, 26 मार्च को मतदान होना है।मेरे 22 विधायक यहां रोके हुए हैं। वो लोग मुझसे बात करना चाहते हैं। उनके फोन छीन लिए गए हैं। पुलिस वाले उनसे बात भी नहीं करने दे रहे हैं कहते हैं कि इनकी सुरक्षा को खतरा है।’
दिग्विजय सिंह ने कहा कि ‘मैं गांधीवादी आदमी हूं मेरे पास न बम है, न पिस्तौल है, न हथियार है, न रायफल है। मुझे अकेले ले जाएं उनसे मिलवा दें। मुझे संतुष्टि हो जाएगी मैं वापिस चला जाऊंगा।’
बता दें कि बेंगलुरु पहुंचे कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह को पुलिस ने अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ हिरासत में ले लिया है। दिग्विजय सिंह के साथ कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डी के शिवकुमार भी मौजूद हैं।
