सुखविंदर सिंह सुक्खू होंगे हिमाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री, रविवार को लेंगे शपथ

सुखविंदर सिंह सुक्खू होंगे हिमाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री, रविवार को लेंगे शपथ

नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के नए मुख्यमंत्री को लेकर पार्टी आलाकमान ने फैसला ले लिया है। सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री होंगे। वहीँ मुकेश अग्निहोत्री उप मुख्यमंत्री होंगे। सुखविंदर सिंह सुक्खू रविवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

नए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई को बताया कि कल (रविवार) को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अशोक गहलोत और कई अन्य नेता कल शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।

इससे पहले पार्टी आलाकमान द्वारा मुख्यमंत्री के लिए नाम तय किये जाने के बाद सुखविंदर सिंह सुक्खू ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला और कांग्रेस के अन्य नेताओं ने हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से शिमला में मुख्यमंत्री आवास पर मुलाकात की।

हिमाचल प्रदेश में नई सरकार के गठन के लिए कांग्रेस पर्यवेक्षक और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला, कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और मनोनीत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात की।

सुखविंदर सिंह सुक्खू को पार्टी हाईकमान द्वारा मुख्यमंत्री मनोनीत किये जाने पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि फैसला सर्वसम्मति से लिया गया है। हमें आलाकमान का फैसला मान्य है। गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के तौर पर प्रतिभा सिंह का नाम भी उभर कर सामने आये थे।

वहीँ मनोनीत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि मैं सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और प्रदेश की जनता का शुक्रगुजार हूं। हमने हिमाचल प्रदेश की जनता से जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा करना मेरी जिम्मेदारी है। राज्य के विकास के लिए हमें काम करना है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital