नागरिकता बिल: असम में हालात बिगड़े, सीएम और मंत्रियों के घर पर पथराव

नागरिकता बिल: असम में हालात बिगड़े, सीएम और मंत्रियों के घर पर पथराव

नई दिल्ली। असम में नागरिकता संशोधन बिल को लेकर हो रहे प्रदर्शन अब हिंसक हो गए है। हालात को देखते हुए गुवाहाटी में अनिश्चितकालीन कर्फ्य लागू किया गया है।

कल देर शाम प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल और केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली के घरों को भी निशाना बनाया। मुख्यमंत्री के घर पर पत्थर फेंके गए तथा दुलियाजान में केंद्रीय मंत्री के घर को भी नुकसान पहुंचाया।

इस बीच हालातो में सुधार की कोशिश में सेना ने फ्लैगमार्च भी किया। गुवाहाटी शहर में सेना के दो कॉलम तैनात किए गए हैं और फ्लैग मार्च किया जा रहा है। तिनसुकिया, डिब्रूगढ़ और जोरहाट जिलों में भी सेना तैनात की गई है,। देर रात डिब्रूगढ़ में कर्फ्यू भी अनिश्चित काल के लिए लगाया गया।

अफवाह फैलने से रोकने के लिए असम के दस जिलों में इंटरनेट सेवाएं स्थगित कर दी गई हैं। लखीमपुर, धेमाजी, तिनसुकिया, डिब्रूगढ़, चरैदेव, शिवसागर, जोरहाट, गोलाघाट, कामरूप (मेट्रो) और कामरूप में इंटरनेट सेवाओं को निलंबित कर दिया गया है।

वहीँ त्रिपुरा में इंटरनेट के साथ ही एसएमएस सेवाएं भी स्थगित कर दी गई हैं। इस बीच एहतियात के तौर पर स्पाइसजेट, विस्तारा, इंडिगो ने असम जाने वाली अपनी सभी फ्लाइट को रद्द कर दिया है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital