सांसदों का प्रतिनिधिमंडल विदेश भेजे जाने पर राउत ने उठाए सवाल, पूछा “क्या ये नौटंकी चल रही है”
मुंबई। पाकिस्तान की करतूतों और भारत की तरफ से किया गए ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी अन्य देशों को देने के लिए केंद्र सरकार द्वारा सांसदों के प्रतिनिधिमंडल विदेश भेजे जाने पर शिवसेना यूबीटी सांसद संजय राउत ने सवाल उठाए हैं।
संजय राउत ने कहा कि देखिए भारतीय जनता पार्टी इस मामले में भी राजनीति कर रही है ये ठीक नहीं है।
संजय राउत ने कहा कि टीएमसी के 35 और समाजवादी पार्टी के 40 लालू प्रसाद के भी लगभग पांच मेंबर हैं।
आप ऑल पार्टी डेलिगेशन की बात करते हो तो आप को सबको लेना चाहिए। हमारी दूसरी मांग यह थी कि ऑल पार्टी डेलिगेशन को कश्मीर में लेकर जाना चाहिए।आप ये दोनों नहीं कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ये क्या करेंगे वहां जाकर? आप इस मुद्दे का अंतरराष्ट्रीय कारण करना चाहते हो क्या? इजराइल और गाजा का युद्ध चल रहा है। पीएम पुतिन ने हमारे यहां डेलिगेशन नहीं भेजा है। ये लोग क्या कर रहे हैं क्या नौटंकी चल रही है ये ?
गौरतलब है कि पाकिस्तान की करतूतों की जानकारी अन्य देशों को देने के लिए सरकार ने सांसदों के सात प्रतिनिधिमंडल बनाए हैं। प्रतिनिधिमंडल में शिवसेना यूबीटी की तरफ से राज्य सभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी को शामिल किया गया है।
ये प्रतिनिधिमंडल सऊदी अरब, कुवैत, बहरीन, अल्जीरिया, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, यूरोपीय संघ, इटली, डेनमार्क, इंडोनेशिया, मलेशिया, कोरिया, जापान, सिंगापुर, संयुक्त अरब अमीरात, लाइबेरिया, कांगो, सिएरा लियोन, अमेरिका, पनामा, गुयाना, ब्राजील, कोलंबिया, स्पेन, ग्रीस, स्लोवेनिया, लातविया, रूस, मिस्र, कतर, इथियोपिया और दक्षिण अफ्रीका का दौरा करेंगे।
