शिवराज सिंह और सिंधिया ने की राज्यपाल से मुलाकात, कमलनाथ सरकार को लेकर कही ये बात

शिवराज सिंह और सिंधिया ने की राज्यपाल से मुलाकात, कमलनाथ सरकार को लेकर कही ये बात

भोपाल ब्यूरो। मध्य प्रदेश में चल रही राजनैतिक उठापटक के बीच बीजेपी नेता और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और कांग्रेस से बीजेपी में गए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने राज्यपाल लालजी टंडन से मुलाकात की है।

इस मुलाकात में दोनों नेताओं ने राज्यपाल से कहा कि 22 विधायकों के इस्तीफे के बाद राज्य की कमलनाथ सरकार अल्पमत में आ गयी है। इसलिए तुरंत विधानसभा का सत्र बुलाकर फ्लोर टेस्ट कराया जाना चाहिए।

इससे पहले शुक्रवार को ही मुख्यमंत्री कमलनाथ ने राज्यपाल लालजी टंडन से मुलाकात कर राज्य की राजनैतिक परिस्थियों से अवगत करा दिया था। कमलनाथ ने राज्यपाल को सौंपे एक पत्र में बीजेपी पर कांग्रेस विधायकों को बंधक बनाने का आरोप लगाते हुए विधायकों की तुरंत रिहाई की मांग की।

वहीँ मुख्यमंत्री कमलनाथ से मुलाकात के बाद राज्यपाल लालजी टंडन ने कमलनाथ सरकार के 6 मंत्रियों को बर्खास्त कर दिया। इन मंत्रियों की बर्खास्तगी के लिए स्वयं मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सिफारिश की थी।

इन मंत्रियों में इमरती देवी, तुलसीराम सिलावट, गोविंद सिंह राजपूत, महेन्द्र सिंह सिसोदिया, प्रद्युम्न सिंह तोमर और डॉ. प्रभुराम चौधरी के नाम शामिल हैं। बताया जाता है कि बर्खास्त किये गए सभी मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक हैं और फिलहाल बेंगलुरु में जमे हुए हैं।

इससे पहले मुख्यमंत्री कमलनाथ ने राज्यपाल से अपनी मुलाकात के बाद कहा कि वे फ्लोर टेस्ट के लिए तैयार हैं लेकिन फ्लोर टेस्ट से पहले इस्तीफा देने वाले विधायकों को स्पीकर के समक्ष पेश होकर अपनी स्थति साफ़ करनी चाहिए। इस्तीफा देने वाले विधायकों पर फैसला होने के बाद ही फ्लोर टेस्ट कराया जा सकता है।

गौरतलब है कि 16 मार्च से मध्य प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र शुरू होना है। माना जा रहा है कि सत्र के शुरू में ही विपक्षी भारतीय जनता पार्टी फ्लोर टेस्ट की मांग को लेकर सदन में नोटिस देगी।

TeamDigital