बिहार में चुनाव के एलान पर बोले संजय राउत, “क्या खत्म हो गई कोरोना महामारी”
मुंबई। चुनाव आयोग द्वारा आज बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान किये जाने पर शिव सेना सांसद संजय राउत ने सवाल उठाये हैं। राउत ने सवाल किया कि क्या कोरोना महामारी खत्म हो गई है।
पत्रकारों से बातचीत में राउत ने कहा कि महामारी की वजह से देश में ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई है जो पहले कभी नहीं थी। उन्होंने पूछा, ‘क्या अब कोरोना वायरस की महमारी समाप्त हो गई है? क्या चुनाव कराने के लिए स्थिति ठीक है?’
राउत ने कहा कि संसद से पारित कृषि विधेयकों का बिहार के चुनावों पर असर नहीं होगा क्योंकि राज्य में ‘केवल जाति और धर्म के आधार पर मतदान होगा।’ बिहार चुनाव में सुशांत सिंह राजपूत की मौत का मुद्दा बनने के सवाल पर शिवसेना सांसद ने आरोप लगाया, ‘‘सरकार के पास विकास या सुशासन के बारे में बोलने के लिए कुछ नहीं है।’’
उन्होंने कहा कि सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले की सीबीआई जांच का क्या हुआ? बिहार के पुलिस महानिदेशक ने इस्तीफा दे दिया और अब विधानसभा चुनाव लड़ने जा रहे हैं।
गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने आज बिहार के विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों का एलान किया है। बिहार में तीन चरणों में चुनाव होंगे। पहले चरण में 28 अक्टूबर को 16 जिलों की 71 विधानसभा सीटों पर, दूसरे चरण में 3 नवंबर को 17 जिलों की 94 विधानसभा सीटों पर और तीसरे चरण में 7 नवंबर को 15 जिलों की 78 सीटों पर चुनाव होगा। 10 नवंबर को चुनाव परिणाम घोषित किये जायेंगे।
पहले चरण के चुनाव के लिए नोटिफिकेशन 1 अक्टूबर को जारी होगा और नामांकन की अंतिम तारीख 8 अक्टूबर होगी तथा 12 अक्टूबर तक नामांकन वापस लिया जा सकेगा। दूसरे चरण के चुनाव के लिए नोटिफिकेशन 9 अक्टूबर को जारी होगा और नामांकन की अंतिम तारीख 16 अक्टूबर होगी तथा 19 अक्टूबर तक नामांकन वापस लिया जा सकेगा। वहीँ तीसरे चरण के चुनाव के लिए नोटिफिकेशन 13 अक्टूबर को जारी होगा और नामांकन की अंतिम तारीख 20 अक्टूबर होगी तथा 23 अक्टूबर तक नामांकन वापस लिया जा सकेगा।
