राहुल से देश को काफी उम्मीदें, उनके मन में देश के लिए सच्ची भावना: संजय राउत
मुंबई। शिवसेना के प्रवक्ता और राज्य सभा सांसद संजय राउत ने कहा है कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से देश को काफी उम्मीदें हैं। राहुल गांधी को उनके जन्मदिन पर बधाई देते हुए राउत ने राहुल गांधी को देश के प्रमुख नेताओं में से एक बताया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की विस्तार तेजी से हो और देश की राजनीति में उनकी प्रतिष्ठा और मजबूती बढ़े। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का नेतृत्व उनकी पार्टी के लिए प्रखर और प्रामाणिक है। उनके मन में देश के लिए सच्ची भावना है। उनका सपना है कि देश में कांग्रेस पार्टी एक बार फिर से मजबूत बने. उनका यह सपना पूरा हो। आने वाले समय में वे तेजी से आगे बढ़ें।
वहीँ शिवसेना के 55वे स्थापना दिवस के अवसर पर संजय राउत ने कहा कि शिव सेना अन्य राज्यों में भी सक्रीय होगी और राष्ट्रीय राजनीति में अहम भूमिका निभाएगी।
राउत ने कहा कि जब शिवसेना की स्थापना हुई तो लोगों ने कहा कि शिवसेना मुंबई-ठाणे से आगे नहीं जाएगी। कुछ लोगों ने कहा कि 5-6 महीनों में ही यह पार्टी खत्म हो जाएगी लेकिन यह शिवसेना पूरे महाराष्ट्र में फैल गई. राज्य की सीमा पार करते हुए दिल्ली तक पहुंच गई। अब दिल्ली के तख्त में भी मेरा महाराष्ट्र गरजेगा और गूंजेगा। भविष्य में राष्ट्रीय राजनीति में शिवसेना अहम भूमिका निभाएगी।
राउत ने कहा कि शिवसेना से पहले और बाद में कई राजनीतिक पार्टियां समय के साथ ध्वस्त हो गईं लेकिन जिस तरह से बालासाहेब ठाकरे ने छोटे से छोटे शिवसैनिकों की पीठ पर हाथ रखा, उस वजह से शिवसेना आज भी आगे बढ़ रही है। हिंदुत्व के लिए आज भी शिवसेना ही सामने आती है। आज भी शिवसेना के सामने मराठी माणूस का ख़याल सबसे पहले आता है।
उन्होंने कहा कि ‘हिंदुत्व’ और ‘मराठी माणूस’, ये दोनों विषय आज भी शिवसेना के लिए सबसे अधिक अहमियत रखते हैं। आज देश-दुनिया में हिंदुत्व की बुलंद आवाज़ बन कर मज़बूती से कोई पार्टी खड़ी है तो वो है शिवसेना। मराठी माणूस को अगर अपना आधार किसी पार्टी में नज़र आता है तो वो है शिवसेना।