शिव सेना सांसद संजय राउत का दावा: 2024 में केंद्र में कांग्रेस गठबंधन वाली सरकार बनेगी
मुंबई। शिव सेना सांसद संजय राउत ने एक बार फिर बड़ा बयान दिया है। राउत ने दावा किया कि 2024 में कांग्रेस के साथ एक गठबंधन वाली सरकार सत्ता में आएगी, जो मौजूदा एक-पक्षीय सरकार के शासन को समाप्त कर देगी।
शनिवार को पुणे प्रेस क्लब द्वारा आयोजित जेएस करंदीकर स्मारक व्याख्यान को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए शिव सेना सांसद संजय राउत ने कहा कि कांग्रेस के बिना कोई भी सरकार नहीं बन सकती है। कांग्रेस देश की एक प्रमुख पार्टी है। कांग्रेस विपक्षी पार्टी भी है और अन्य क्षेत्रीय पार्टियां हैं।
जब संजय राउत ने चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर द्वारा हाल ही में दिए गए बयान ‘बीजेपी कई दशकों तक सत्ता में रहेगी’ को लेकर सवाल पूछा गया तो राउत ने कहा कि बीजेपी भारतीय राजनीति में तो रहेगी लेकिन एक विपक्षी दल के रूप में।
इतना ही नहीं संजय राउत ने महाराष्ट्र का उदाहरण देते हुए कहा कि ‘भाजपा का दावा है कि वह दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। अगर दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी चुनाव हार जाती है तो वे विपक्षी पार्टी बन जाती है। उदाहरण के लिए महाराष्ट्र में भाजपा 105 विधायकों के साथ मुख्य विपक्षी दल है।’
वहीँ अगले वर्ष उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में शिव सेना की क्या भूमिका रहेगी? इस सवाल के जबाव में संजय राउत ने कहा वर्तमान में हम दादरा, नगर हवेली और गोवा में ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। यूपी चुनाव के लिए अभी भी समय है। हम यूपी में एक छोटे खिलाड़ी हैं लेकिन हम चुनाव लड़ेंगे।
गौरतलब है कि शिव सेना की उत्तर प्रदेश इकाई उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रदेश की 200 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने का एलान कर चुकी है। शिव सेना की राज्य इकाई की तरफ से पार्टी नेतृत्व को इस सदर्भ में एक प्रस्ताव भी भेजा गया है। शिव सेना सांसद संजय राउत इस प्रस्ताव की पुष्टि कर चुके हैं।