जल्द दिल्ली में डेरा डालेंगे शत्रुघ्न सिन्हा, कांग्रेस ने दी ये बड़ी ज़िम्मेदारी

नई दिल्ली। दिल्ली में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने पूर्व सांसद शत्रुघ्न सिन्हा को बड़ी ज़िम्मेदारी दी है। इस ज़िम्मेदारी के बाद शत्रुघ्न सिन्हा जल्द ही दिल्ली में अपना डेरा जमाएंगे।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक शत्रुघ्न सिन्हा उन मतदाताओं को एकजुट करेंगे जो बिहार से आकर दिल्ली में रह रहे हैं। शत्रुघ्न सिन्हा स्वयं भी मूलतः बिहार के रहने वाले हैं और पूर्वांचल के मतदाताओं में खासे लोकप्रिय हैं।
कीर्ति आज़ाद को पार्टी ने पहले ही कैंपेन कमेटी की कमान सौंप दी है, अब शत्रुघ्न सिन्हा भी जल्द दिल्ली में डेरा डाल लेंगे। माना जा रहा है कि दिल्ली में रह रहे पूर्वांचल के मतदाताओं पर शत्रुघ्न सिन्हा का जादू सिर चढ़कर बोलता है।
यही कारण है कि दिल्ली में अगले वर्ष के शुरू में होने जा रहे विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर कांग्रेस पूर्वांचल के मतदाताओं पर पकड़ बनाने के लिए अभी से एड़ी चोटी कर रही है।
कांग्रेस सूत्रों ने कहा कि शत्रुघ्न सिन्हा न सिर्फ दिल्ली में बीजेपी पर भारी पड़ेंगे वल्कि आम आदमी पार्टी का वह वोट बैंक भी तबाह कर सकते हैं जिसके बूते आम आदमी पार्टी सत्ता तक पहुंची है।
सूत्रों ने कहा कि पार्टी हाईकमान ने दिल्ली का नेतृत्व सुभाष चौपड़ा को सौंपकर प्रदेश कांग्रेस में गुटबंदी पर लगाम लगा दी है। अब पार्टी अपनी पुरानी रणनीति की तरफ लौट रही है, जिसमे दिल्ली में बाहर से आकर बसे मतदाताओं को एक बार फिर कांग्रेस से जोड़ा जाएगा। पिछले चुनाव में आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस के इसी मतदाता पर कब्ज़ा कर कांग्रेस को हाशिये पर धकेल दिया था।