महाराष्ट्र के राज्यपाल के पास कंगना से मिलने का समय लेकिन किसानों से मिलने का नही: पवार

महाराष्ट्र के राज्यपाल के पास कंगना से मिलने का समय लेकिन किसानों से मिलने का नही: पवार

मुंबई। पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) सुप्रीमो शरद पवार ने कहा कि महाराष्ट्र में ऐसा राज्यपाल आज तक नही बना जिसके पास फ़िल्म अभिनेत्री कंगना रनौत से मिलने का समय है लेकिन किसानों से मिलने का समय नही है।

कृषि कानूनों के विरोध में आज मुंबई के आज़ाद मैदान में आयोजित किसान रैली को संबोधित करते हुए शरद पवार ने केंद्र सरकार और पीएम मोदी पर निशाना साधा।

शरद पवार ने मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए सवाल किया कि ठंड के मौसम में पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के किसान पिछले 60 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। क्या प्रधानमंत्री ने उनके बारे में पूछताछ की है? क्या ये किसान पाकिस्तान के हैं?

शरद पवार ने कहा कि तीन कृषि कानूनों को बहुमत के बल पर कानून पारित करने का प्रयास किया गया। यह संविधान और संसद का अपमान था। उन्होंने कहा कि हमने अनुरोध किया कि इस कानून को इस प्रवर समिति के पास भेजा जाए। प्रवर समिति में सभी दलों के लोग शामिल हैं। इसकी चर्चा की जाती है और सर्वसम्मति से निष्कर्ष निकाले जाते हैं।

उन्होंने कहा कि सदन में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद ने कानून पर चर्चा का आह्वान किया। यह एक कानून है जो किसान के जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। इसलिए हम प्रहरी की भूमिका नहीं लेंगे, इस पर चर्चा की आवश्यकता है।

किसान रैली को महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष बालासाहेब थोराट ने भी संबोधित किया । इससे पहले आज कृषि क़ानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने के लिए महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों से किसान मुंबई के आज़ाद मैदान में जमा हुए।

एक प्रदर्शनकारी ने बताया, “जब तक कानून वापस नहीं होंगे किसानों का आंदोलन नहीं रूकेगा। हम आज रैली करने के बाद राज्यपाल को ज्ञापन देने जाएंगे।”हालांकि रैली के बाद राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को ज्ञापन देने जा रहे किसानों को पुलिस ने रोक दिया।

 

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital