पवार बोले,”पीएम मोदी को बंगाल जाने की फुर्सत, 20 किमी. दूर किसानो से मिलने की फुर्सत नहीं”

रांची। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार ने आज कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानो का पक्ष लेते हुए पीएम मोदी पर निशाना साधा। रांची के हर्मू मैदान में आयोजित राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की सभा को संबोधित करते हुए पवार ने कहा कि भाजपा की सत्ता आने के बाद देश में सांप्रदायिकता का जहर बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी को विदेश जाने की फुर्सत है। बंगाल जाने की फुर्सत है लेकिन 20 किलोमीटर दूर जहां किसान 100 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं, उनसे मिलने की उन्हें फुर्सत नहीं है।
पवार ने कहा कि बिरसा मुंड़ा की धरती पर आना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने बीजेपी पर अपना हमला जारी रखते हुए कहा कि भाजपा असदुद्दीन ओवैसी की वजह से चुनाव जीतती है।
पवार ने कहा कि कोविड की समस्या दुनिया भर में फैल रही है। ऐसी समस्या में जिम्मेदारी सरकार की होती है लेकिन भाजपा ने लोगों से कहा कि थाली बजाओ। उन्होंने कहा कि वे थाली बजाने वाले नहीं बल्कि लोगों की थालियों में अन्न कैसे जुटे, इसकी चिंता करते हैं।
इतना ही नहीं एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार ने कहा कि महाराष्ट्र की तरक्की में झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश के लोगों की मेहनत का योगदान है। उन्होंने सवाल किया कि मोदी ने क्या किया है?
रांची में क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी की तारीफ करते हुए पवार ने कहा कि आज क्रिकेट जो इतनी ऊंचाई पर पहुंचा उसमें धोनी का बहुत बड़ा योगदान है। उन्होंने बताया कि जब राहुल द्रविड़ कप्तानी छोड़ रहे थे तो वे सचिन तेंदुलकर को कप्तानी सौंपना चाहते थे लेकिन सचिन ने उन्हें धोनी का नाम सुझाया था।
पवार ने कहा कि इसके बाद ही उन्हे क्रिकेट के कप्तान के तौर पर जिम्मेदारी दी गई और उन्होंने दुनिया भर में भारतीय क्रिकेट को एक नई पहचान दी। उन्होंने कहा कि उन्हे गर्व है कि वे धोनी की धरती पर आए हैं।