सीज फायर पर संजय राउत ने सरकार को फिर घेरा, पूछा “ट्रंप से किसने मदद मांगी थी”
मुंबई। शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान पर एक बार फिर मोदी सरकार को कटघरे में खड़ा किया है।
इतना ही नहीं संजय राउत ने मोदी सरकार की विदेश नीति पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी हमेशा चीन, फ्रांस, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बारे में चुप रहेंगे. चुप रहना उनकी फितरत है। राउत ने दावा किया कि ट्रंप ने एक बार नहीं है बल्कि बार-बार कहा है कि मेरी मध्यस्थता की वजह से यह सीजफायर हुआ है। संजय राउत ने कहा कि कल ट्रंप ने अपने नए बयान में एक शब्द की अदला-बदली की है। अब ट्रंप ने कहा है कि मैंने मदद करने की कोशिश की है, उसमें अंतर क्या है?
संजय राउत ने कहा, पीएम मोदी बताएं कि ‘ट्रंप की मदद किसने मांगी है। आपके यहां मदद मांगने कौन आया था, क्या मोदी जी आए थे, जयशंकर आए थे या डिफेंस मिनिस्टर आए थे?’
उन्होंने आगे कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने एप्पल को आदेश दिया है कि वह हिंदुस्तान में अपनी कंपनी मत लगाइए। इस बात का देश खुलासा करे कि ट्रंप ने ऐसा क्यों बोला है।
शिवसेना यूबीटी के राज्य सभा सांसद संजय राउत ने कहा कि पीएम मोदी हमेशा दबाव में ही काम करते हैं, वे कोई शूरवीर आत्मा नहीं हैं। पाकिस्तान के अंदर क्यों नहीं घुसे, पीछे क्यों हट गए?’
बता दें कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान अचानक सीज फायर के ऐलान को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है। वहीं इस मामले में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान ने विपक्ष को एक बड़ा मुद्दा दे दिया है।
