बिहार में चुनाव नहीं लड़ेगी सपा, राजद उम्मीदवारों का करेगी समर्थन

बिहार में चुनाव नहीं लड़ेगी सपा, राजद उम्मीदवारों का करेगी समर्थन

पटना ब्यूरो। बिहार के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने बड़ा एलान किया है। पार्टी ने कहा है कि वह बिहार में राष्ट्रीय जनता दल के उम्मीदवारों का समर्थन करेगी। इससे पहले कयास लगाए जा रहे थे कि समाजवादी पार्टी बिहार में कुछ सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े करने की इच्छुक है।

समाजवादी पार्टी की तरफ से एक ट्वीट के माध्यम से यह जानकारी दी गई है। पार्टी ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडलर से ट्वीट कर कहा कि “आगामी बिहार विधानसभा चुनावों में समाजवादी पार्टी किसी भी पार्टी से गठबंधन ना करते हुए राष्ट्रीय जनता दल के उम्मीदवारों का समर्थन करेगी।”

समाजवादी पार्टी द्वारा बिहार में चुनाव न लड़ने के फैसले से महागठबंधन को बड़ी राहत की उम्मीद जताई जा रही है। दरअसल, पहले यह कहा जा रहा था कि समाजवादी पार्टी महागठबंधन में शामिल होकर बिहार की कुछ विधानसभा सीटों पर अपना दावा ठोंक सकती है और इससे महागठबंधन में सीटों के बंटवारे पर असर पड़ सकता है।

यदि समाजवादी पार्टी भी बिहार में अपने उम्मीदवार खड़े करने का फैसला लेती तो इसका सीधा नुकसान महागठबंधन के उम्मीदवारों को होता। समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार मैदान में होने के बाद सेकुलर मतो का विभाजन हो सकता था, जिसका लाभ बीजेपी-जेडयू उम्मीदवारों को मिलना तय था।

माना जा रहा था कि मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र की तर्ज पर समाजवादी पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव में भी अपने उम्मीदवार खड़े कर सकती है। कयास लगाए जा रहे थे कि उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे बिहार के चार-पांच जिलों में करीब 25 सीटों पर समाजवादी पार्टी अपने उम्मीदवार खड़े कर सकती है।

TeamDigital