कांग्रेस के साथ मिलकर ही लड़ा जाएगा 2027 का चुनाव : अखिलेश

कांग्रेस के साथ मिलकर ही लड़ा जाएगा 2027 का चुनाव : अखिलेश

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ऐलान किया है कि उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस से गठबंधन जारी रहेगा।

अखिलेश यादव मंगलवार को प्रदेश सपा मुख्यालय पर प्रेस कांफ्रेंस कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कारोबार, नौकरी और रोजगार भाजपा सरकार के एजेंडे में नहीं है। भाजपा सरकार ने महंगाई, बेरोजगारी को बढ़ाया है। देश का पूरा बाजार विदेशियों के हाथ में दे दिया है।

अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग खुद को राष्ट्रवादी कहते हैं, स्वदेशी की बात करते हैं, उन्होंने एफडीआई लाकर और नीतियां बनाकर देश का बाजार विदेशी सामानों से पाट दिया। उन्होंने योगी सरकार के आपसी अंतरविरोध भी सामने रखे।

उन्होंने कहा कि इस सरकार ने बिजली उत्पादन बढ़ाने और व्यवस्था सुधारने के लिए कोई काम नहीं किया। प्राइमरी स्कूलों की गुणवत्ता खराब कर दी। स्कूलों में बच्चे नहीं जा रहे हैं। सरकारी इंटरमीडिएट स्कूलों की जमीनों पर भाजपा नेताओं की नजर है।

अखिलेश यादव ने कहा कि इस सरकार ने नमामि गंगे के नाम पर हजारों करोड़ का बजट साफ कर दिया, लेकिन गंगा की सफाई नहीं हो पाई। सरकार ने 20 फीसदी भी गेंहू की खरीद नहीं की।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी सरकार में प्रदेश का पहला काऊ मिल्क प्लांट कन्नौज में लगाया गया था। भाजपा सरकार में बंद हो गया। बदायूं में पटेल समाज के साथ अन्याय हुआ है। प्रयागराज में पाल समाज की बेटी के साथ अन्याय हुआ। बुनकरों को अत्याधुनिक सुविधाएं मुहैया कराई जानी चाहिए।

TeamDigital