दिल्ली पुलिस की चार्जशीट में सलमान खुर्शीद का नाम, कांग्रेस नेता ने दिया ये बयान

दिल्ली पुलिस की चार्जशीट में सलमान खुर्शीद का नाम, कांग्रेस नेता ने दिया ये बयान

नई दिल्ली। दिल्ली हिंसा को लेकर दिल्ली पुलिस द्वारा दाखिल की गई 17हज़ार पेजो वाली चार्जशीट में पूर्व विदेश मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद का नाम भी शामिल है।

दिल्ली दंगो से जुडी चार्जशीट में नाम आने पर सलमान खुर्शीद ने दिल्ली पुलिस की मंशा पर सवाल उठाये हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस ने बिना जांच पड़ताल किये अपनी मर्ज़ी से चार्जशीट के नाम पर खानापूर्ति की है। खुर्शीद ने चार्जशीट को कचरा करार दिया।

एक चैनल से बात करते हुए सलमान खुर्शीद ने कहा कि प्रोवोकेटिव स्पीच की परिभाषा क्या है? संविधान का कौन सा प्रावधान कहता है कि प्रोवोकेटिव स्पीच नहीं दी जा सकती। पूर्व विदेश मंत्री ने कहा कि संसद में तो रोज ही प्रोवोकेटिव स्पीच दी जाती हैं। कौन रोक रहा है और कौन रुक रहा है? अपनी स्पीच को सही करार देते हुए सलमान खुर्शीद ने कहा कि “मैं वहां सरकार और CAA की तारीफ करने तो गया नहीं था।”

कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा कि अब सरकार और उनके बिल या कानून की आलोचना क्या हिंसा भड़काने का बाइस है? मैंने तो इस बाबत किताब भी लिखी, लेकिन जाहिल किताब नहीं पढ़ते, वरना उसे भी भड़काऊ कहकर उस पर पाबंदी लगा देते।

गौरतलब है कि दिल्ली में इस साल 24 फरवरी से 27 फरवरी तक हिंसा हुई थी, जिसमें 50 से अधिक लोग मारे गए थे। दिल्ली हिंसा को लेकर दिल्ली पुलिस की जांच पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। दिल्ली पुलिस ने दिल्ली हिंसा को लेकर करीब 17 हज़ार पेजो वाली चार्जशीट दाखिल की है।

इस चार्जशीट में पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद के अलावा वामपंथी नेता बृंदा करात, सीताराम येचुरी, पूर्व सांसद उदित राज, स्वराज अभियान पार्टी के संस्थापक सदस्य योगेंद्र यादव आदि का नाम शामिल है।

TeamDigital