जम्मू कश्मीर के संसाधनों को बाहर ले जाया जा रहा: आज़ाद

जम्मू कश्मीर के संसाधनों को बाहर ले जाया जा रहा: आज़ाद

नई दिल्ली। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आज़ाद ने आरोप लगाया है कि जम्मू कश्मीर के संसाधनों को यहां से बाहर ले जाया जा रहा है, जिससे राज्य का नुकसान हो रहा है।

आज़ाद ने कहा कि मैं जम्मू-कश्मीर दौरे पर गया था। वहां मैंने बहुत लोगों से बातचीत की सभी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्ज़ा मिलना चाहिए, यहां बेरोज़गारी बहुत है, जम्मू-कश्मीर के संसाधनों को बाहर ले जाया जा रहा है, जिससे हमें नुक़सान हो रहा है।

गुलाम नबी आज़ाद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सरकार ने प्रदेश को दो हिस्सों में बांट दिया। हम यह नहीं चाहते थे। उन्होंने कहा कि हमने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से कहा था कि जम्मू-कश्मीर के राज्य का दर्जा पहले बहाल किया जाये। इसके बाद परिसीमन और फिर चुनाव कराये जायें लेकिन, अमित शाह कह रहे हैं कि पहले परिसीमन होगा, उसके बाद चुनाव कराये जायेंगे और उसके बाद राज्य का दर्जा बहाल किया जायेगा।

आज़ाद ने कहा कि केंद्र सरकार की इस तरह की ज़िद्द ठीक नहीं है। हम अब भी अपनी पुरानी मांगों पर कायम हैं। पहले कश्मीर के राज्य का दर्जा बहाल किया जाये। उसके बाद ही चुनाव कराये जायें।

अमित शाह की तीन दिवसीय जम्मू-कश्मीर यात्रा के बीच राज्यसभा में कांग्रेस के नेता रहे गुलाम नबी आजाद ने कहा है कि हमसे कहा गया था कि आर्टिकल 370 के हटने के बाद जम्मू-कश्मीर बदल जाएगा। उसके विकास, अस्पताल और बेरोजगारी पर ध्यान दिया जाएगा, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हो रहा है।

पूर्व सीएम गुलाम नबी आज़ाद ने कहा कि असलियत ये है कि जब राज्य को विभिन्न मुख्यमंत्रियों द्वारा शासित किया जा रहा था तब हम कहीं बेहतर थे। हम इसमें बुरी तरह हार चुके हैं। राज्य के दो हिस्सों में बंटने के बाद हम बुरी तरह हारे हैं। विधानसभा भंग होने के बाद हम बुरी तरह हार गए हैं।

TeamDigital