विपक्ष के हंगामे के बीच राज्यसभा कल तक के लिए स्थगित
नई दिल्ली। मानसून सत्र के चौथे दिन भी राज्य सभा की कार्यवाही हंगामे की भेंट चढ़ गई। चौथे दिन भी राज्य सभा की कार्यवाही में व्यवधान पड़ा और राज्य सभा को दिनभर के लिए स्थगित करना पड़ा।
आज राज्य सभा की कार्यवाही शुरू होते ही बिहार में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण किए जाने के मुद्दे पर विपक्ष ने जबरदस्त हंगामा काटा। हंगामे के कारण राज्य सभा को एक बार के स्थगन के बाद दोपहर दो बजकर पंद्रह मिनट पर कार्यवाही को पूरे दिन के लिए स्थगित कर दिया गया।
विपक्ष के हंगामे के कारण आज भी प्रश्नकाल नहीं चल पाया। शून्यकाल में आज छह सदस्यों को विदाई दी गयी जिनका कार्यकाल समाप्त होने जा रहा है। छह सदस्यों को विदाई देने के तुरंत बाद विपक्षी सदस्यों ने नियम 267 के तहत दिए गए अपने 30 नोटिस उपसभापति हरिवंश द्वारा अस्वीकार किए जाने के विरोध में हंगामा शुरू कर दिया, जिसके चलते 12 बज कर तीस मिनट पर सदन की कार्यवाही अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
इन सदस्यों की हुई विदाई :
जिन सदस्यों को विदाई दी गई, उनमें एम मोहम्मद अब्दुल्ला (द्रमुक), एन चंद्रशेखरन (अन्नाद्रमुक), अन्बुमणि रामदास (पीएमके), एम षणमुगम (द्रमुक) और एम वाइको (एमडीएमके) शामिल हैं। अन्नाद्रमुक सदस्य पी विल्सन का कार्यकाल भी समाप्त हुआ है लेकिन वह उच्च सदन के लिए पुन:निर्वाचित हो गए हैं।
