पायलट के खिलाफ कार्रवाही पर अड़े गहलोत, पायलट को मिला राहुल का संदेश

नई दिल्ली। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा आज सचिन पायलट का नाम लेकर किये गए सीधे हमले को लेकर कहा जा रहा है कि आज सुबह पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के दखल के बाद मामला लगभग हल हो चुका था लेकिन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट तथा उनके साथ कार्रवाही किये जाने पर अड़े हैं। यही कारण है कि पायलट को निशाना बनाते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सीधा हमला बोला।
पार्टी सूत्रों की माने तो राहुल गांधी ने पायलट को संदेश भेजा है कि कांग्रेस में अभी सुलह-समझौते की गुंजाइश बची हुई है, उनके लिए पार्टी नेतृत्व के दरवाज़े हमेशा खुले हुए हैं। सूत्रों ने कहा कि पायलट को राहुल गांधी का संदेश मिल गया है लेकिन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा सचिन पायलट पर किये गए सीधे हमले से राहुल गांधी नाराज़ हैं।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा पायलट पर किये गए सीधे हमले के बाद मामला बिगड़ते देख कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने प्रेस कांफ्रेंस कर मामले को संभालने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि सचिन पायलट ने मीडिया के माध्यम से कहा है कि वे बीजेपी में नहीं जा रहे तो उन्हें हरियाणा सरकार की खातिरदारी छोड़कर जयपुर लौट जाना चाहिए।
सुरजेवाला ने कहा कि पार्टी नेतृत्व का स्पष्ट तौर पर कहना है कि यदि परिवार का कोई व्यक्ति किसी कारण बाहर चला जाता है, और उसे अपनी भूल का अहसास हो जाता है तो उसे परिवार से अलग नहीं किया जा सकता। उन्होंने सचिन पायलट को एक होनहार नेता बताते हुए अपनी बात पार्टी फोरम में रखने की अपील की।
क्या कहा था अशोक गहलोत ने:
इससे पहले आज मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि सीएम अशोक गहलोत ने कहा है कि हो रहे हॉर्स ट्रेडिंग की हमारे पास प्रूफ है। इस बात के सबूत हैं कि कैसे उनके दलालों ने काम किया है। विधायकों को पैसा ऑफर कर रहे थे। हमारे लोगों ने पैसा लेने से इनकार कर दिया। कैसे उनके दलाल लोगों ने काम किया। पैसा ऑफर कर रहे थे पर कई लोगों ने लिया नहीं।
सीएम गहलोत ने आगे कहा, हम तीसरी बार मुख्यमंत्री बने हैं। 40 साल से राजनीति में हैं। आने वाली नई पीढ़ी से हम प्यार करते हैं। आने वाला कल उनका है।