14 अगस्त से शुरू होगा राजस्थान विधानसभा का सत्र, राज्यपाल से मिली मंजूरी
जयपुर। राजस्थान में विधानसभा का सत्र आयोजित किये जाने को लेकर राजभवन और गहलोत सरकार के बीच चल रहा शीतयुद्ध आज उस समय थम गया जब राज्यपाल कालराज मिश्र ने राजस्थान सरकार के प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए 14 अगस्त से विधानसभा का सत्र आयोजित किये जाने को अपनी मंजूरी दे दी।
इससे पहले आज राजस्थान सरकार की तरफ से विधानसभा का सत्र बुलाने के लिए राज्यपाल कालराज मिश्र को चौथी बार प्रस्ताव भेजा गया था। इससे पहले भेजे गए तीन प्रस्तावों को राज्यपाल ने कुछ आपत्तियां जताते हुए वापस कर दिया था।
गहलोत सरकार के प्रस्ताव पर राज्यपाल द्वारा जताई गई आपत्तियों में विधानसभा का सत्र बुलाये जाने के लिए 21 दिन पहले नोटिफिकेशन जारी करना और कोरोना संक्रमण के दौरान 200 विधायकों के विधानसभा में जमा होने को लेकर था।
इस पर चौथे प्रस्ताव में गहलोत सरकार ने राज्यपाल को सुझाया कि अगर राज्यपाल 25 जुलाई को भेजे गए दूसरे प्रस्ताव से 21 दिन का समय गिनें तो 14 अगस्त से विधानसभा सत्र बुलाया जा सकता है। इस पर राज्यपाल कालराज मिश्र ने विधानसभा का सत्र 14 अगस्त से बुलाये जाने पर अपनी मुहर लगा दी।
इससे पहले आज मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्यपाल कालराज मिश्र से मुलाकात कर उनकी आपत्तियों को लेकर चर्चा की और इसके बाद राज्यपाल को चौथी बार प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया।
