कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव: राहुल को मनाने में जुटे राजस्थान और छत्तीसगढ़ के सीएम
नई दिल्ली। कांग्रेस में संगठन के चुनाव का दिन जैसे जैसे करीब आ रहा है, वैसे वैसे अध्यक्ष पद के लिए राहुल गांधी को मनाने की कोशिशें भी तेज हो गई हैं। पार्टी के वफादारों का मानना है कि पार्टी का नेतृत्व गांधी परिवार का ही कोई सदस्य करे।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी इन दिनों भारत जोड़ो यात्रा पर हैं। इस यात्रा में उमड़ रही जनता की भीड़ से राहुल गांधी की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में पार्टी के पुराने नेता चाहते हैं कि पार्टी का नेतृत्व एक बार फिर से राहुल गांधी को सौंपा जाना चाहिए।
राहुल गांधी को पुनः पार्टी का अध्यक्ष बनाये जाने के लिए राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बाकायदा एक प्रस्ताव पास करके अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजा है। पार्टी सूत्रों की माने तो राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी राहुल गांधी को मनाने की कोशिश कर रहे हैं।
हालांकि कांग्रेस में अध्यक्ष पद के दावेदार के तौर पर अभी किसी नेता का नाम सामने नहीं आया है। पिछले दिनों कांग्रेस नेता शशि थरूर ने ज़रूर सार्वजनिक तौर पर कहा था कि वे कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ सकते हैं लेकिन उनके बयान को किसी ने ज़्यादा तरजीह नहीं दी।
वहीँ पिछले दिनों जिस तरह कांग्रेस संगठन की मतदाता सूचियों को लेकर कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी और शशि थरूर ने सवाल उठाये, उसे देखकर इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता कि अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर G-23 के नेता भी गंभीरता से काम कर रहे हैं। हालांकि G-23 नेताओं में से एक बड़ा नाम गुलाम नबी आज़ाद का था जो अब कांग्रेस छोड़ चुके हैं।
प्रियंका के नाम की भी अटकलें:
वहीँ एआईसीसी के सूत्रों की माने तो यदि राहुल गांधी अध्यक्ष पद के लिए तैयार नहीं हुए तो पार्टी के वफादार नेता प्रियंका गांधी का नाम आगे बढ़ाएंगे। हालांकि प्रियंका गांधी कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल नहीं हैं।
सूत्रों ने कहा कि कांग्रेस के पुराने नेताओं सलमान खुर्शीद, दिग्विजय सिंह, अशोक गहलोत, कमलनाथ अभी भी गांधी परिवार के सदस्य को अध्यक्ष बनाये जाने की वकालत कर रहे हैं लेकिन वे सार्वजनिक तौर पर प्रियंका गांधी का नाम राहुल गांधी के विकल्प के तौर पर लेने से बच रहे हैं।