उत्तर प्रदेश की घटना पर राहुल ने साधा निशाना: वादा किया था रामराज का, दे दिया गुंडाराज
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के गाज़ियाबाद में एक पत्रकार की हत्या के मामले में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर हमला बोला है।
गौरतलब है कि अपनी भांजी के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर गाज़ियाबाद में एक पत्रकार को गोली मार दी गई थी। गोली लगने से विक्रम जोशी नामक पत्रकार की बुधवार को मौत हो गई। विक्रम जोशी ने 16 जुलाई को अपनी भांजी के साथ छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि “अपनी भांजी के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर पत्रकार विक्रम जोशी की हत्या कर दी गयी। शोकग्रस्त परिवार को मेरी सांत्वना। वादा था राम राज का, दे दिया गुंडाराज।”
अपनी भांजी के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर पत्रकार विक्रम जोशी की हत्या कर दी गयी। शोकग्रस्त परिवार को मेरी सांत्वना।
वादा था राम राज का, दे दिया गुंडाराज।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) July 22, 2020
गौरतलब है कि पत्रकार विश्वजीत की हत्या मामले में यूपी पुलिस ने 10 लोगों की सूची जारी की है जिसमें से 3 आरोपी गिरफ्तार हैं, जबकि 6 को हिरासत में लिया गया है और एक फरार है।
पत्रकार विक्रम जोशी की हत्या पर गाज़ियाबाद के जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा परिवार को तात्कालिक प्रभाव से 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की स्वीकृति दी गई है। उनकी पत्नी के लिए योग्यता के अनुसार नौकरी की व्यवस्था की जाएगी और उनके बच्चों की निशुल्क शिक्षा का प्रबंध किया जाएगा।
