राहुल गांधी ने फिर उठाए चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल
नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं।
अपनी अमेरिका यात्रा के दौरान बोस्टन स्थित ब्राउन विश्वविद्यालय में राहुल गांधी ने छात्रों के एक सत्र को संबोधित करते हुए चुनाव आयोग को कटघरे में खड़ा किया।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग ने समझौता कर लिया है। महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव का मामला उठाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि
महाराष्ट्र चुनाव में वहां के वयस्कों से अधिक लोगों ने मतदान किया। चुनाव आयोग ने शाम को साढ़े पांच बजे मतदान के आंकड़े जारी किए। शाम 5:30 से 7:30 के बीच 65 लाख मतदाताओं ने मतदान किया। मगर यह शारीरिक रूप से संभव नहीं है।
राहुल गांधी ने तर्क दिया कि एक वोट डालने में लगभग 3 मिनट का समय लगता है। अगर आप थोड़ी सी भी गणित लगाएंगे तो इसका अर्थ यह हुआ कि रात दो बजे तक लोगों की लाइन लगी रही होगी। मगर ऐसा नहीं हुआ।
राहुल गांधी ने आगे आरोप लगाया कि जब हमने पूछा कि क्या वीडियोग्राफी हो रही है तो उन्होंने इससे इनकार कर दिया। न केवल इनकार किया बल्कि कानून भी बदल दिया। अब आपको वीडियोग्राफी के बारे में पूछने की अनुमति नहीं है।
राहुल गांधी ने कहा कि यह बिल्कुल साफ है कि चुनाव आयोग ने समझौता कर लिया है। यह भी स्पष्ट है कि व्यवस्था में बड़ी गड़बड़ी है। सार्वजनिक रूप से कई बार मीडिया और अन्य माध्यमों से हमने यह मुद्दा भी उठाया।
