राहुल गांधी का सवाल: सस्ता मिल रहा कच्चा तेल फिर देश में कम क्यों नहीं हो रही तेल की कीमतें

राहुल गांधी का सवाल: सस्ता मिल रहा कच्चा तेल फिर देश में कम क्यों नहीं हो रही तेल की कीमतें

नई दिल्ली। कच्चे तेल की कीमतों में आई बड़ी गिरावट के बाद भी भारत में पेट्रोल डीजल की कीमतों में कमी न होने पर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सवाल उठाया है।

उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में भी पेट्रोल 69 रुपये और डीजल 62 रुपये प्रति लीटर बेचा जा रहा है। पेट्रोल-डीजल की कीमत कम करने की मांग पर सरकार क्यों ध्यान नहीं दे रही है?

राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि ‘दुनिया में कच्चे तेल की कीमतें अप्रत्याशित आंकड़ों पे आ गिरी हैं, फिर भी हमारे देश में पेट्रोल 69 रुपये, डीजल 62 रुपये प्रति लीटर क्यों है? इस विपदा में जो दाम घटे, सो अच्छा। कब सुनेगी ये सरकार?’

वहीँ इससे पहले कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने पेट्रोल डीजल की कीमतें कम न करने पर मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘तेल की कीमतों में अचानक अप्रत्याशित कमी का आना एक ऐतिहासिक मौका है। इतनी कमी कि वह शून्य से भी नीचे जा पहुंचा। एक बार तो ऐसा क्षण आया कि दाम शून्य से 37 डॉलर नीचे चला गया। इसका कारण है कि अमेरिका में इस कच्चे तेल का कोई खरीददार नहीं हैं।’

खेड़ा ने इस दौरान कहा, ‘’सरकार ने पिछले छह सालों में पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क लगाकर 20 लाख करोड़ रुपये कमाए हैं। सवाल यह है कि आप इस फायदे को उपभोक्ता के साथ क्यों बांट नहीं सकते? वह राहत आम उपभोक्ता को क्यों नहीं दे सकते?’

गौरतलब है कि कोविड-19 के संकट में फंसी दुनिया में कच्चे तेल की मांग एक तिहाई से ज्यादा गिर जाने के कारण अमेरिकी कच्चे तेल (मई डिलीवरी) की कीमत सोमवार को 300 फीसदी गिरकर इतिहास में पहली बार शून्य से भी नीचे आ गई। हालांकि मंगलवार को जून डिलीवरी कच्चे तेल की कीमत में सुधार आ गया। इस गिरावट के बाद भी भारतीय उपभोक्ताओं को इसका फायदा मिलना मुश्किल है। वे इस गिरावट से राहत मिलने कोई खास उम्मीद नहीं कर सकते हैं।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital