कांग्रेस के स्थापना दिवस के एक दिन पहले राहुल गांधी चले गए विदेश

नई दिल्ली। सोमवार को कांग्रेस के 136वे स्थापना दिवस के अवसर पर भले ही पार्टी अपने कार्यक्रम आयोजित कर रही हो लेकिन पार्टी के स्थापना दिवस के दिन पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी मौजूद नहीं रहेंगे। पार्टी के मुताबिक राहुल गांधी विदेश यात्रा पर रवाना हो गए हैं और यह उनकी निजी यात्रा है।
राहुल गांधी आज सुबह ही कतर एयरवेज से अपनी ननिहाल के लिए रवाना हुए हैं। वे इटली के मिलान जायेंगे, जहां उनकी नानी रहती हैं। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने राहुल गांधी के विदेश रवाना होने पुष्टि करते हुए कहा कि वह कुछ दिनों तक बाहर रहेंगे। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस नेता राहुल गांधी संक्षिप्त व्यक्तिगत यात्रा के लिए विदेश रवाना हुए हैं और वह कुछ दिनों तक बाहर रहेंगे।
कांग्रेस के 136वे स्थापना दिवस के अवसर पर कई राज्यों में प्रदेश इकाइयां कार्यक्रमों का आयोजन कर रही हैं। इनमे प्रदेशभर के पार्टी कार्यालयों पर ध्वजारोहण कार्यक्रम भी शामिल है।
पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने कांग्रेस स्थापना दिवस पर सभी ज़िला/ब्लॉक मुख्यालय पर झंडा वंदन एवं तिरंगा यात्रा के साथ “सेल्फी विद तिरंगा” कार्यक्रम के आयोजन के निर्देश दिए हैं।
वहीँ दिल्ली में 24 अकबर रोड पर कांग्रेस मुख्यालय में भी ध्वजा रोहण होगा। इसमें पार्टी के तमाम पदाधिकारी और वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ध्वजारोहण करेंगी।