कोरोना संक्रमण, लॉकडाउन को लेकर राहुल गांधी ने की विशेषज्ञों से चर्चा

कोरोना संक्रमण, लॉकडाउन को लेकर राहुल गांधी ने की विशेषज्ञों से चर्चा

नई दिल्ली। देश में लगातार बढ़ रही कोरोना संक्रमित मरीजों की तादाद के बीच आज पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने दुनिया के दो जाने एक्सपर्ट के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया।

कोरोना संक्रमण, अर्थव्यवस्था और लॉकडाउन को लेकर आज हुई चर्चा में राहुल गांधी के साथ हावर्ड यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर आशीष झा और स्वीडन के प्रोफेसर जोहान ने भाग लिया।

राहुल गांधी ने डॉ आशीष झा से कोरोना वायरस लॉकडाउन पर क्या विचार, इससे मनोविज्ञान पर क्या फर्क पड़ता है और ये लोगों के लिए कितना मुश्किल है जैसे सवाल किए।

इन सवालों के जवाब में हार्वर्ड में स्वास्थ्य विशेषज्ञ आशीष झा ने कहा कि लॉकडाउन के बाद अब जब अर्थव्यवस्था खुल गई है, आपको भरोसा पैदा करना होगा। उन्होंने कहा कि कोविड-19 12 से 18 महीने की समस्या है, इससे 2021 से पहले छुटकारा नहीं मिलने वाला।

आशीष झा ने राहुल गांधी से कहा कि अधिक जोखिम वाले क्षेत्रों में बहुत तेजी से जांच करने की रणनीति की आवश्यकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ झा ने कहा कि हम बड़ी वैश्विक महामारियों के दौर में प्रवेश कर रहे हैं, हम जो वैश्विक महामारी देख रहे हैं, वह आखिरी नहीं है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञ ने राहुल गांधी से कहा कि कोविड-19 के बाद जीवन बदल जाएगा। जैसे 9/11 एक नया अध्याय था, उसी तरह यह भी एक नया अध्याय होगा।

इस दौरान राहुल ने पूछा कि ‘ ये भईया बताइए कि वैक्सीन कब आएगी?’ इसके जवाब में झा ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि अगले साल तक वैक्सीन आ जाएगी।

इस बातचीत की जानकारी देते हुए कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा था कि बातचीत का प्रसारण कांग्रेस के सोशल मीडिया चैनल पर आज (बुधवार) सुबह किया जाएगा।

गौरतलब है कि इससे पहले राहुल गांधी देश की अर्थव्यवस्था और लॉकडाउन से पैदा हुए हालातो को लेकर रिज़र्व बैंक के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन और नोबेल विजेता अभिजीत बनर्जी से भी संवाद कर चुके हैं।

TeamDigital