ओडिशा के बाद पंजाब ने भी 30 अप्रेल तक बढ़ाया लॉकडाउन

ओडिशा के बाद पंजाब ने भी 30 अप्रेल तक बढ़ाया लॉकडाउन

नई दिल्ली। कोरोना संक्रमण को लेकर देश में लागू किया गया 21 दिनों के लॉकडाउन की अवधि 14 अप्रेल रात 12 बजे समाप्त होनी है। इस अवधि के समाप्त होने से पहले ही देश के दो राज्यों ने लॉकडाउन की अवधि 15 दिन और बढ़ा दी है। वहीँ माना जा रहा है कि अन्य राज्यों में लॉक डाउन खोलने का फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल मुख्यमंत्रियों के साथ होने वाली बैठक के बाद ले सकते हैं।

ओडिशा के बाद अब पंजाब ने लॉक डाउन की अवधि को 30 अप्रेल तक बढ़ाने का एलान किया। पंजाब लॉकडाउन की अवधि बढ़ाने वाला ओडिशा के बाद देश का दूसरा राज्य है। यह फैसला शुक्रवार को हुई कैबिनेट की बैठक में लिया गया है। पूरे सूबे में लॉकडाउन और कर्फ्यू जैसे हालात अगले 21 दिन तक रहेंगे।

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने कर्फ्यू की अवधि बढ़ाने के संकेत शुक्रवार सुबह पत्रकारों को संबोधित करते हुए ही दे दिए थे। उन्होंने पीजीआई की एक रिपोर्ट का हवाले देते हुए कहा था कि सूबे की 87 फीसदी आबादी कोरोना वायरस की चपेट में आ सकती है।

सीएम कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने पी.जी.आई. की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा है कि राज्य में कर्फ्यू जैसे हालात अक्टूबर माह तक रह सकते हैं। कैप्टन ने यह भी जिक्र किया कि इस सारी स्थिति से निपटने के लिए एक हाई पॉवर कमेटी का भी गठन किया है, जो यह निर्णय लेगी कि अक्टूबर तक किस तरह से राज्य की आर्थिकी को संतुलित किया जाए।

कोरोना की स्थिति बताते हुए कैप्टन ने कहा कि पंजाब में कोरोना वायरस कम्युनिटी स्टेज पर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस स्टेज पर कोरोना वायरस से संक्रमित व्यक्ति की कोई ट्रेवलिंग हिस्ट्री नहीं होती है। वह संक्रमण से पहले किसके संपर्क में आया था, उसे स्वयं भी पता नहीं होता है। पी.जी.आई. की रिपोर्ट को संक्रमण फैलने का आधार बताते हुए उन्होंने कहा कि जुलाई, अगस्त और सितंबर माह में संक्रमण पीक पर पहुंचने की संभावना है और इस बीच संक्रमित लोगों की संख्या 58 फीसदी हो सकती है।

मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कहा था कि 15 अप्रैल से किसानों को फसलों की कटाई के लिए लॉकडाउन में ढील दी जाएगी और इसमें सामाजिक दूरी का ध्यान रखा जाएगा। सिंह ने वीडियो लिंक के माध्यम से संवाददाताओं से कहा, ‘हमने पहले लॉकडाउन किया और बाद में कर्फ्यू लगाया। फिर लोगों तक जरूरी वस्तुओं को पहुंचाने की व्यवस्था की। हमारे लोग हर मोहल्ले में पहुंचकर जरूरी वस्तुएं मुहैया करा रहे हैं।’

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना वायरस के मामले शुरू होने के बाद करीब डेढ़ लाख लोग विदेश से पंजाब आए। हमने जांच की और लोगों को अलग रखा। अब ज्यादातर लोग क्वारेंटाइन से बाहर आ चुके हैं। उन्होंने कहा, ”फिलहाल स्थिति नियंत्रण में हैं। 132 मामलों में संक्रमण की पुष्टि हुई और 11 लोगों की मौत हुई है। कुल 2877 लोगों की जांच हुई।”

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital