राहुल गांधी ने किया एलान: पंजाब में चन्नी होंगे मुख्यमंत्री का चेहरा

राहुल गांधी ने किया एलान: पंजाब में चन्नी होंगे मुख्यमंत्री का चेहरा

नई दिल्ली। पंजाब के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी कांग्रेस का मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज यह बड़ा एलान किया है।

राहुल गांधी ने कहा कि ये मेरा फैसला नहीं है, बल्कि ये पंजाब का फैसला है। उन्हें गरीबों की समस्याएं समझने वाला चेहरा चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कई डायमंड हैं. 2004 से राजनीति में हूं। मेरे पास भी थोड़ा अनुभव और दूरदर्शिता है।

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सीएम पद के लिए एक डायमंड को सेलेक्ट करना मुश्किल टास्क है। कई ऐसे लोग भी हैं जो हमारी पार्टी को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी राजनेता 15 दिन में नहीं जन्म लेता। जो टीवी पर दिखते हैं केवल वे ही नहीं, संघर्ष करने वाला ही राजनेता बनता है।

उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों ने कहा कि गरीब घर का सीएम चाहिए, जो गरीबी को समझे, जो पंजाब को समझे, क्योंकि पंजाब को उस व्यक्ति की जरूरत है। राहुल गांधी ने कहा कि मुश्किल फैसला था, लेकिन पंजाब के लोगों और कार्यकर्ता ने इसे आसान बना दिया।

राहुल गांधी के एलान पर धन्यवाद करते हुए पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि सभी को धन्यवाद देता हूं। यह एक बड़ी लड़ाई है जिसे मैं अकेला नहीं लड़ सकता। मेरे पास पैसे नहीं हैं, लड़ने की हिम्मत नहीं है। पंजाब के लोग इस लड़ाई को लड़ेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की जनता ये लड़ाई लड़ेगी. साथ ही चन्नी ने कहा कि कभी कोई गलत काम नहीं करूंगा. गलत पैसा घर नहीं आने दूंगा। सिर्फ ट्रांसपरेंसी रहेगी. पंजाब को सोना बना दूंगा। चन्नी ने कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू का मॉडल पंजाब बनेगा, जो सिद्धू साहब करना चाहेंगे वो करेंगे। जाखड़ साहब की लीडरशिप पंजाब को आगे ले जाएगी, मैं सिर्फ माध्यम बनूंगा।

उन्होंने दावा किया कि पंजाब में कांग्रेस की दो तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनेगी। लोगों की सरकार बनेगी और लोगों के लिए सरकार बनेगी।

पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि मैं 13 साल से बीजेपी में था। उन्होंने मुझसे यहां-वहां प्रचार करवाया। मैं आपका ऋणी रहूंगा। मुझे कांग्रेस का भला चाहिए। उन्होंने कहा कि मैं सारी उम्र राहुलजी का शुक्रगुजार हूं कि चौथे साल ही आपने मुझे अध्यक्ष बना दिया है। सीएम फेस को लेकर सिद्धू ने कहा कि राहुलजी का जो भी फैसला होगा, वह मुझे स्वीकार होगा। मुख्यमंत्री कोई भी हो, उसके साथ मिलकर काम करूंगा।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital