गोदी मीडिया ने फैलाई झूठी खबरें, शाहीन बाग़ में आंदोलन जारी
नई दिल्ली। शाहीन बाग़ आंदोलन को लेकर पेशेवर कहे जाने वाले गोदी मीडिया ने शाहीन बाग़ आंदोलन से प्रदर्शनकारियों के गायब होने की ख़बरें फैलाईं तो अगले ही दिन ख़राब मौसम के बावजूद शाहीन बाग़ प्रदर्शन में लोगों का जमावड़ा दिखाई दिया।
प्रदर्शनकारियों के मुताबिक पिछले कुछ दिनों में बारिश के चलते लोगों की तादाद में कमी अवश्य आई थी। प्रदर्शन स्थल पर वाटर प्रूफ टेंट न होने के कारण बारिश शुरू होने पर प्रदर्शनकारियों को बारिश से बचने के लिए इधर उधर शरण लेने पड़ी थी।
इस बीच रिपब्लिक टीवी पर प्रातः 7 बजे के विजुअल दिखाकर यह दावा किया गया कि शाहीन बाग़ में बिरियानी बंटना बंद होने से प्रदर्शनकारी चले गए हैं और अब यहाँ तादाद न के बराबर है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सुबह 10 तक प्रदर्शनकारियों की तादाद तो वैसे भी कम होती है। रिपब्लिक टीवी सहित कुछ न्यूज़ चैनलों ने सुबह सात आठ बजे करीब के विजुअल दिखाकर यह साबित करने की कोशिश ज़रूर की है लेकिन वह हकीकत से परे है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शाहीन बाग़ आंदोलन में किसी तरह का कोई बदलाव नहीं हुआ है। नागरिकता कानून, एनपीआर और एनआरसी के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी है और हम इसके लिए अंत तक लड़ेंगे।
वहीँ दिल्ली के दंगा प्रभावित इलाको में अब ज़िंदगी एक बार फिर पटरी पर लौट रही है। कई इलाको में अपने घर छोड़कर अन्य सुरक्षित इलाको में गए लोग अब वापस घर लौट रहे हैं।
दिल्ली के मौजपुर इलाके में अब हालात सामान्य हो गए हैं। आम दिनों की तरह इलाके में लोग अपने काम काज कर रहे हैं। हालाँकि अभी भी सुरक्षा के लिहाज से इलाके में पुलिस तैनात है।
वहीँ शाहीन बाग़ की तर्ज पर देश के कई शहरो में चल रहे नागरिकता कानून विरोधी प्रदर्शन सोमवार को भी जारी हैं। होली के पर्व को ध्यान में रखकर कई इलाको में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।