क्या प्रियंका गांधी लखनऊ में डालेंगी डेरा, मिला ये जबाव
नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी को केंद्र सरकार के आवास और शहरी विकास मंत्रालय की तरफ से लोधी एस्टेट का आवास खाली करने का नोटिस मिलने के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि प्रियंका गांधी लखनऊ शिफ्ट हो सकती हैं।
एक सवाल के जबाव में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि उन्हें इस विषय पर जानकारी नहीं है और प्रियंका के लखनऊ शिफ्ट होने के बारे वे कुछ नहीं कह सकते। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इस बारे में प्रियंका जी खुद निर्णय लेंगी।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार के आवास और शहरी विकास मंत्रालय की तरफ से भेजे गए नोटिस में कहा गया है कि गृह मंत्रालय की तरफ से प्रियंका गांधी की एसपीजी सुरक्षा व्यवस्था हटा ली गई है और जेड प्लस सुरक्षा व्यवस्था दी गई है। अतः इस व्यवस्था के मुताबिक जिसे ये सुरक्षा दी जाती है उसे सरकारी बंगला प्रदान करने का नियम नहीं है. ऐसे में प्रियंका गांधी को बंगला खाली करना होगा।
गौरतलब है कि नवंबर 2019 में केंद्र सरकार ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की एसपीजी सुरक्षा हटाने का फैसला किया था। गांधी परिवार को अभी भी जेड प्लस केटेगरी सुरक्षा दी जा रही है।
I can't say that she will stay in Lucknow now. It will be announced once she decides: Ajay Kumar Lallu, UP Congress Chief on reports that Priyanka Gandhi Vadra will be shifting to Lucknow after she has been asked to vacate govt allotted accommodation in Delhi pic.twitter.com/MA6NMN5Jwx
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) July 2, 2020
प्रियंका गांधी को अपना सरकारी आवास खाली करने के लिए शहरी विकास मंत्रालय द्वारा भेजे गए नोटिस पर कांग्रेस नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा कि यह एक उचित कदम नहीं है क्योंकि गांधी परिवार को सुरक्षा कारणों से घर दिया गया था। इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या कर दी गई और परिवार पर हमेशा खतरा बना रहता है।
